Now, village products will also be sold across the country; digital platforms will open up new avenues for earning.-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:38 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

*अब गांव के उत्पाद भी बिकेंगे देशभर में, डिजिटल प्लेटफॉर्म से खुलेगी कमाई की राह*

khaskhabar.com: गुरुवार, 19 नवम्बर 2026 5:16 PM (IST)
*अब गांव के उत्पाद भी बिकेंगे देशभर में, डिजिटल प्लेटफॉर्म से खुलेगी कमाई की राह*
नाबार्ड के सहयोग से बानसूर में दो दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित, यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम और ई-कॉमर्स के जरिए कारोबार बढ़ाने के सिखाए गुर बानसूर। गांवों में तैयार होने वाले उत्पादों को अब केवल स्थानीय बाजार तक सीमित रहने की जरूरत नहीं है। डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से ग्रामीण उत्पादों को देशभर के ग्राहकों तक पहुंचाया जा सकता है। इसी उद्देश्य से ग्रामीण उद्यमियों, महिला स्वयं सहायता समूहों एवं किसान संगठनों को डिजिटल कारोबार से जोड़ने के लिए नाबार्ड के सहयोग से 17 एवं 18 नवंबर को बानसूर के प्रभु भवन स्थित युवा जागृति संस्थान परिसर में दो दिवसीय ई-कॉमर्स एवं डिजिटल मार्केटिंग प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। नारी उत्थान संस्थान एवं एडऑन नेक्स्टजेन प्राइवेट लिमिटेड के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित प्रशिक्षण में स्वयं सहायता समूहों (SHG), किसान उत्पादक संगठनों (FPO) एवं संयुक्त देयता समूहों (JLG) से जुड़े प्रतिभागियों को ऑनलाइन कारोबार की बारीकियां समझाई गईं। ट्रेनर आशीष सोमपुरा (उदयपुर) एवं मोहनलाल मौर्य ने प्रतिभागियों को सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म के प्रभावी उपयोग का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया।
प्रशिक्षण के दौरान यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम एवं व्हाट्सएप बिजनेस के माध्यम से उत्पादों का प्रचार-प्रसार करने, वीडियो और डिजिटल कंटेंट तैयार करने, ग्राहकों तक पहुंच बनाने तथा ऑनलाइन मार्केटिंग की रणनीतियों की जानकारी दी गई। इसके साथ ही ONDC, अमेजन एवं फ्लिपकार्ट जैसे ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर उत्पादों की बिक्री, पंजीकरण, ब्रांडिंग, आकर्षक पैकेजिंग और डिजिटल भुगतान की प्रक्रिया भी समझाई गई। प्रतिभागियों को गूगल बिजनेस प्रोफाइल, जीएसटी पंजीकरण एवं ऑनलाइन कारोबार से जुड़ी आवश्यक प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला परिषद कोटपूतली-बहरोड़ के अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं राजीविका के जिला परियोजना प्रबंधक गोपाल मीणा रहे। विशिष्ट अतिथियों में नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक दीपक जाखड़, नारी उत्थान संस्थान की अध्यक्ष उमा रत्नू, कृषि विज्ञान केंद्र गूंता के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. सुशील कुमार शर्मा तथा एडऑन नेक्स्टजेन प्राइवेट लिमिटेड के सीईओ डॉ. गोकुल सैनी मौजूद रहे।
अतिथियों ने कहा कि डिजिटल तकनीक ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने का प्रभावी माध्यम है। यूट्यूब और सोशल मीडिया के जरिए ग्रामीण उत्पादों की पहचान बढ़ाई जा सकती है, वहीं ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के माध्यम से उन्हें देशभर के बाजारों तक पहुंचाया जा सकता है। इससे महिला स्वयं सहायता समूहों, किसानों एवं ग्रामीण उद्यमियों को बेहतर बाजार उपलब्ध होने के साथ रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी मिलेंगे।
इनकी रही सहभागिता: प्रशिक्षण में ज्ञानचंद सैनी,मनीषा सैनी, निकिता सैनी,विपिन शर्मा,केवल्य सिंह,लोकेश प्रजापत,प्रमोद रातावाल, कोटपूतली नेचुरल फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड के अध्यक्ष कैलाश चौधरी एवं सचिव नितेश यादव ,संदीप,खामोश जाट,सुनीता यादव,सुमन कंवर एवं नीतू राजपूत सहित कृषक उत्पादक संघ,एफपीओ एवं स्वयं सहायता समूह की महिलाएं उपस्थित रहीं।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement