khaskhabar.com: बुधवार, 31 अगस्त 2016 7:11 PM (IST)
टोंक। पंचायत समिति टोंक की 10 ग्राम पंचायतों को सितंबर के अंत तक खुले में शौच से मुक्त करने की कार्य योजना बनाई गई है। इसके लिए ब्लॉकस्तरीय अधिकारियों को व्यक्तिगत जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। जिला कलेक्टर महावीर प्रसाद शर्मा की अध्यक्षता में सभी ब्लॉक अधिकारियों, सरपंचों, पंचायत प्रसार अधिकारियों, गिरदावर, महिला सुपरवाइजर की नेहरू सभा भवन पंचायत समिति टोंक में बैठक हुई।
स्वच्छ भारत मिशन के तहत 10 ग्राम पंचायतों को सितंबर माह तक ओडीएफ करने के लिए उपखंड अधिकारी टोंक को ग्राम पंचायत डारडाहिंद, विकास अधिकारी को ग्राम पंचायत हथोना, तहसीलदार को ग्राम पंचायत देवली भांची, नायब तहसीलदार को ग्राम पंचायत मेहंदवास, तहसीलदार पीपलू को ग्राम पंचायत पासरोटिया, नायब तहसीलदार पीपलू को चोगाई, थानाधिकारी पीपलू को ग्राम पंचायत पीपलू, थानाधिकारी सदर टोंक को बंबोर, थानाधिकारी मेहंदवास को दाखिया एवं थानाधिकारी बरोनी को ग्राम पंचायत पराना का प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया।