When will the wife of the late journalist Sitaram Garg receive the ₹50 lakh financial aid, IFWJ demands the release of the pending amount.-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:39 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

दिवंगत पत्रकार सीताराम गर्ग की पत्नी को कब मिलेगी 50 लाख की सहायता? IFWJ ने उठाई लंबित राशि जारी करने की मांग

khaskhabar.com: गुरुवार, 29 अक्टूबर 2026 3:43 PM (IST)
दिवंगत पत्रकार सीताराम गर्ग की पत्नी को कब मिलेगी 50 लाख की सहायता? IFWJ ने उठाई लंबित राशि जारी करने की मांग
-जयपुर में संगठन के 76वें स्थापना दिवस पर राज्य वित्त आयोग अध्यक्ष को सौंपा ज्ञापन


गंगापुर सिटी। कोरोना काल में दिवंगत हुए गंगापुर सिटी के पत्रकार सीताराम गर्ग की पत्नी को पूर्व में स्वीकृत 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता अब तक नहीं मिलने का मामला एक बार फिर उठाया गया है। इंडियन फेडरेशन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स (आईएफडब्ल्यूजे) ने सहायता राशि शीघ्र जारी कराने की मांग की है। संगठन के सवाई माधोपुर जिलाध्यक्ष राजेश शर्मा ने बुधवार को जयपुर के शहीद स्मारक पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान राजस्थान राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी को इस संबंध में ज्ञापन सौंपा।
पूर्व सरकार ने स्वीकृत की थी सहायता राशि
ज्ञापन में बताया गया कि कोरोना काल में पत्रकार सीताराम गर्ग की मृत्यु हो गई थी। तत्कालीन अशोक गहलोत सरकार ने उनकी आश्रित पत्नी के लिए 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की थी, लेकिन लंबे समय बीतने के बावजूद राशि उपलब्ध नहीं कराई गई है। इससे दिवंगत पत्रकार की एकमात्र आश्रित पत्नी को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
राजेश शर्मा ने जिला प्रशासन के रवैये का मुद्दा उठाते हुए राज्य वित्त आयोग अध्यक्ष से हस्तक्षेप करने और स्वीकृत सहायता राशि जल्द जारी करवाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि संकट के समय पत्रकारों और उनके परिवारों को आर्थिक संबल देना जरूरी है। सरकार की ओर से स्वीकृत सहायता का लाभ समय पर मिलना चाहिए, ताकि आश्रित परिवार को राहत मिल सके।
पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने की भी मांग
आईएफडब्ल्यूजे के 76वें स्थापना दिवस पर प्रदेशाध्यक्ष उपेंद्र सिंह राठौड़ के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने राजस्थान में पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने और पत्रकारों की लंबित मांगों का समाधान करने के लिए भी ज्ञापन सौंपा। संगठन ने राज्य सरकार से पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा उनके हितों से जुड़े मामलों में शीघ्र कार्रवाई करने की मांग की।
दिवंगत पत्रकारों को दी श्रद्धांजलि
कार्यक्रम के दौरान आईएफडब्ल्यूजे के दिवंगत प्रदेश सचिव प्रवीण बोथरा, गंगापुर सिटी के पत्रकार सीताराम गर्ग सहित अन्य दिवंगत पत्रकार साथियों को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई। इस अवसर पर संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी और विभिन्न जिलों से आए पत्रकार प्रतिनिधिमंडल में शामिल रहे।
संगठन ने दोहराया कि दिवंगत पत्रकार सीताराम गर्ग की पत्नी को स्वीकृत 50 लाख रुपये की सहायता राशि शीघ्र जारी कराना और राजस्थान में पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करवाना उसकी प्रमुख मांगों में शामिल है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement