Prajapati Community Celebrates the Birth Anniversary of Bhakt Shiromani Shriyaade Maa-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:40 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

प्रजापति समाज ने मनाई भक्त शिरोमणि श्रीयादे मां की जयंती

khaskhabar.com: रविवार, 18 जनवरी 2026 6:06 PM (IST)
प्रजापति समाज ने मनाई भक्त शिरोमणि श्रीयादे मां की जयंती
-कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने प्रतिभाओं को किया सम्मानित गंगापुर सिटी । दक्ष प्रजापति विकास समिति की ओर से रविवार को प्रजापति समाज छात्रावास परिसर में प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जिसमें 10वीं और 12वीं कक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 150 से अधिक विद्यार्थियों को को मेडल, शील्ड और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान प्रजापति समाज की कुलदेवी भक्त शिरोमणि श्रीयादे मां की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। समिति अध्यक्ष ब्रजमोहन प्रजापति ने बताया कि पशुपालन, गोपालन, डेयरी एवं देवस्थान विभाग, राजस्थान सरकार के कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत मुख्य अतिथि थे। साथ ही श्रीयादे माटी कला बोर्ड, राजस्थान के अध्यक्ष प्रहलाद राय टाक, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता मदन प्रजापति, कुमावत महासभा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. आरसी कुमावत, सभापति शिवरतन अग्रवाल और भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष सुशील दीक्षित विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। समारोह में संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि जोराराम कुमावत ने प्रजापति समाज में शिक्षा की कमी पर चिंता जाहिर करते हुए कहा कि समाज में बदलाव लाने के लिए शिक्षा के प्रति जागरूक होना अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि शिक्षा व्यक्ति को सशक्त करती है, सही-गलत का ज्ञान देती है, सामाजिक बुराइयों से लड़ने की ताकत देती है और समाज को प्रगति की ओर ले जाती है। यह जागरूकता व्यक्तिगत और सामूहिक स्तर पर समाज को बेहतर बनाने के लिए महत्वपूर्ण है, जिससे लोग अपने अधिकारों, कर्तव्यों और जिम्मेदारियों को समझ सकें। उन्होंने कहा कि शिक्षा के अभाव की वजह से ही प्रजापत समाज का अपेक्षित उत्थान नहीं हो पाया है। अब समाज के युवाओं को बदलते जमाने के साथ-साथ अपने आप को भी बदलना होगा। युवाओं को कम्प्यूटर व एआई तकनीक को अपनाते हुए समाज में बदलाव लाने में अपनी भूमिका निभानी होगी। इस दौरान प्रहलाद राय टाक व मदन प्रजापत ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम से पहले अतिथियों का माला और साफा पहनाकर स्वागत किया गया।
इस मौके पर नगरपरिषद अध्यक्ष शिवरतन अग्रवाल, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील दीक्षित, करौली नगरपरिषद के पूर्व अध्यक्ष रामेश्वर प्रजापत, प्रजापत समाज के जिलाध्यक्ष रामफूल प्रजापत, राष्ट्रीय प्रजापति महासंघ सुरेश प्रजापत, भामाशाह मिश्रीलाल प्रजापत, समाजसेवी रोहिताश प्रजापत, मंगलसेन प्रजापत आदि मौजूद रहे। इससे पूर्व शहर में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के आगमन पर भाजपा जिलाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक मानसिंह गुर्जर के आवास पर एक स्वागत-अभिनंदन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत, राज्यमंत्री प्रहलाद राय टाक और भाजपा प्रदेश प्रवक्ता मदन प्रजापति का पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने अभिनंदन किया।
गौशाला संचालकों ने मंत्री से की मुलाकात
इस अवसर पर शहर की विभिन्न गौशालाओं के संचालकों और पदाधिकारियों ने कैबिनेट मंत्री सहित अन्य अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने गंगापुर सिटी के पशु चिकित्सालय को बहुउद्देशीय पशु चिकित्सालय में क्रमोन्नत करने की मांग रखी, जिस पर मंत्री ने शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस आयोजन से क्षेत्र में भाजपा संगठन की सक्रियता और स्थानीय नेतृत्व की एकजुटता का संदेश भी देखने को मिला।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement