Wanted Cow Smuggler Shahid Killed in Encounter with Nuh Crime Branch; Two Accomplices Remain at Large-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:38 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

नूंह क्राइम ब्रांच की मुठभेड़ में वांछित गो-तस्कर शाहिद की मौत, दो आरोपी फरार

khaskhabar.com: गुरुवार, 15 अक्टूबर 2026 10:52 AM (IST)
नूंह क्राइम ब्रांच की मुठभेड़ में वांछित गो-तस्कर शाहिद की मौत, दो आरोपी फरार
नूंह । हरियाणा के नूंह जिले की क्राइम ब्रांच टीम और गो-तस्करी और एटीएम मशीन उखाड़ने में शामिल वांछित अपराधी शाहिद उर्फ आडवाणी की मुठभेड़ हो गई, जिसमें आडवाणी की मौत हो गई। यह मुठभेड़ गुरुवार सुबह चार बजे गुरुग्राम जिले के सोहना क्षेत्र में सिलानी गांव के पास हुई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से घायल हुए आरोपी को सोहना के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, फिरोजपुर झिरका सीएस स्टाफ की टीम वांछित अपराधी शाहिद उर्फ आडवाणी का पीछा कर रही थी। पीछा करते हुए पुलिस टीम गुरुग्राम जिले के सोहना क्षेत्र में पहुंची। सिलानी गांव के पास पुलिस ने आरोपी को घेर लिया। इसी दौरान शाहिद ने कथित तौर पर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिसकर्मियों ने भी गोली चलाई, जिसमें शाहिद उर्फ आडवाणी घायल हो गया। पुलिस टीम उसे तत्काल सोहना के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंची, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। फिलहाल मृतक का शव सोहना की मोर्चरी में रखवाया गया है।
पुलिस के अनुसार, शाहिद उर्फ आडवाणी नूंह जिले के तावड़ू क्षेत्र के खड़खड़ी गांव का निवासी था। उसके खिलाफ गो-तस्करी समेत कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज थे। वह लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था और विभिन्न राज्यों की पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। पुलिस अधिकारियों ने इस कार्रवाई को अपराधियों के खिलाफ अभियान में महत्वपूर्ण सफलता बताया है।
मुठभेड़ की सूचना मिलने के बाद रोजकामेव थाना प्रभारी समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने बताया कि सिलानी गांव में कानून-व्यवस्था की स्थिति शांतिपूर्ण बनी हुई है। घटना से संबंधित आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। मुठभेड़ के सभी पहलुओं की विस्तृत जानकारी संबंधित जांच के बाद सामने आएगी।
जानकारी के मुताबिक, शाहिद उर्फ आडवाणी वर्ष 2018 में गुरुग्राम क्राइम ब्रांच की हिरासत से फरार होने में सफल रहा था। इसके बाद से पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी। उस पर एटीएम मशीन उखाड़ने जैसी वारदातों में भी शामिल होने का आरोप था।
बता दें कि सितंबर के महीने में भी जिले के सदर थाना नूंह क्षेत्र के गांव घासेड़ा के नजदीक रात 3.30 बजे फिरोजपुर झिरका सीएस स्टाफ और गो तस्करों के बीच मुठभेड़ हुई थी। इस दौरान क्रास फायरिंग के दौरान दो गो तस्करों के पैर में गोली लग गई, जिन्हें काबू कर लिया गया था, जबकि दो आरोपी मौके का फायदा उठाकर भाग गए थे। घायलों को बलिदानी हसन खां मेवाती मेडिकल नल्हड़ अस्पताल नल्हड़ नूंह में भर्ती कराया गया था।
--आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement