khaskhabar.com: शुक्रवार, 12 अगस्त 2016 11:02 PM (IST)
श्रीगंगानगर। जिला प्रशासन अब अतिक्रमण के खिलाफ सख्त होता नजर आ रहा है। शहर के करणीमार्ग पर सुविधा क्षेत्र की जगह पर अतिक्रमण कर बनाए गए ट्रेवल एजेंसी के दफ्तर को यूआईटी अमले ने ध्वस्त कर सुविधा क्षेत्र की बाधा हटा दी। यूआईटी अधिकारी अतिक्रमण तोडऩे के लिए संसाधनों से लेस होकर आए तथा देखते ही देखते चंद्रा कार्गो के नाम से बने इस दफ्तर को अतिक्रमण मुक्त करवा दिया। बताया जाता है कि सुविधा क्षेत्र की इस जगह पर भाजपा के एक नेता ने चंद्रा कार्गो के नाम से गोदाम बना रखा था। यूआईटी सचिव श्रीबाला श्रीमाली ने बताया कि सुविधा क्षेत्र पर बने अवैध निर्माण को तोड़ दिया गया है। सुविधा क्षेत्र पर अतिक्रमण भाजपा के नेता का होने के बारे में यूआईटी सचिव से पूछा गया तो उन्होंने बताया कि अतिक्रमण किसी का भी हो वह अतिक्रमणकारी ही कहलाएगा।