बाइक सवार तीन लुटेरों ने पौने तीन लाख रुपए से भरा बैग लूटा
khaskhabar.com: रविवार, 09 अक्टूबर 2016 09:10 AM (IST)
पुलिस के अनुसार सरदारपुरा फस्र्ट ए रोड निवासी हेमंत माहेश्वरी अपने भाई
मीनू माहेश्वरी के साथ नसरानी सिनेमा के पास अपनी दुकान जनता ट्रैक्टर टायर
से रात करीब 8:35 बजे पांचवीं रोड की तरफ से घर जा रहे थे। वे स्कूटर पर
दुकान से कुछ ही दूर पहुंचे ही थे कि हवा में गन लहराते हुए तीन युवक
मोटरसाइकिल से आए और दोनों भाइयों को धक्का देकर स्कूटर से गिरा दिया। इस
दौरान लुटेरे उनका पौने तीन लाख रुपयों से भरा बैग लेकर फरार हो गए। इतनी
बड़ी रकम की लूट से हड़बड़ाए दोनों भाइयों ने स्कूटर से लुटेरों का पीछा
किया। सरदारपुरा थानाधिकारी भूपेंद्र सिंह ने बताया कि लुटेरों ने मीनू पर
फायर किया और भाग गए। पुलिस अब मामले में छानबीन कर रही है, ताकि लुटेरे
पकड़ में आ सकें।
बेखौफ लुटेरों ने की लूट, फायर कर हुए फरार
पूरे
दिन की कमाई छीनकर लुटेरे भागने लगे तो मीनू ने लूटेरों को दबोचने की
कोशिश की। इस बीच उनमें से पीछे बैठा एक शख्स बाइक से गिर गया। पीछे से
स्कूटर पर आ रहे मीनू ने उसे पकड़ भी लिया, लेकिन उसने उनके सिर पर
रिवॉल्वर तान दी तो मीनू ने कहा, मार दे या पैसे दे दे। इस पर लुटेरे ने उस
पर दो फायर किए। इसमें से एक फायर मीनू के कंधे को छूते हुए निकल गया।
लुटेरों ने दोनों भाइयों पर चार फायर किए। दोनों भाई फायरिंग के बीच उनका
पीछा करते रहे, लेकिन एक छर्रा मीनू के बाजू को छूकर निकल गया। इससे घबराहट
में दोनों भाई गाड़ी से गिर गए और बाद में वे उनका पीछा नहीं कर सके।
पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज खंगालकर लूट की वारदात की तहकीकात में जुटी है।