पायलट के प्रति की गई टिप्पणी शहादत का अपमान
राजस्थान
प्रदेश कांग्रेस कमेटी की उपाध्यक्ष एवं मीडिया चेयरपर्सन डॉ. अर्चना
शर्मा ने सैनिक कल्याण मंत्री द्वारा राजस्थान के शहीद सपूत निंबसिंह रावत
को श्रद्धासुमन अर्पित करने पहुंचे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सचिन पायलट के
प्रति की गई टिप्पणी को शहादत का अपमान बताते हुए इसे भाजपा का मानसिक
दिवालियापन करार दिया है।
डॉ. शर्मा ने कहा कि पायलट शहीद निंबसिंह रावत
को श्रद्धांजलि अर्पित करने व शोक संतप्त परिजनों को ढांढ़स बंधाने उनके
पैतृक गांव गए थे। ऐसे में लचर बयानबाजी कर सैनिक कल्याण मंत्री कालीचरण सराफ ने अपनी
तथा अपनी पार्टी की ओछी सोच को प्रदर्शित किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा
कार्यालय में बैठकर जनसुनवाई का ढोंग कर जनता को मुगालते में रखने के बजाय
प्रदेश के महान सपूत को भावभीनी श्रृद्धांजलि देना ज्यादा महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि मंत्री ने ऐसा बयान देकर देश के लिए कुर्बान हुए शहीद की
शहादत का अपमान किया है।