Advertisement
कुछ रिश्ते राजनीति से नहीं, दिल से जुड़े होते हैं...!!

आपके पिताजी मेरे लिए केवल मित्र नहीं थे, वे मेरे बड़े भाई, मेरे अभिभावक और मेरे आत्मीय मार्गदर्शक भी थे। उनका असमय चले जाना मेरे जीवन में ऐसी रिक्तता छोड़ गया, जिसे आज तक भर पाना संभव नहीं हुआ। उनके जाने की पीड़ा कुछ वैसी ही थी, जैसी अपने माता-पिता को खोने पर होती है। कुछ व्यक्तित्व जीवन से विदा होकर भी स्मृतियों में नहीं, हमारे संस्कारों और विचारों में जीवित रहते हैं। स्व. हरिओम सिंह जी उन्हीं में से एक थे।
मेरी हार्दिक इच्छा थी कि केवी समाज सेवा और राजनीति में सक्रिय रहकर अपने पूज्य पिताजी द्वारा स्थापित राजनीतिक मूल्यों और आदर्शों को आगे बढ़ाएं। राजनीति केवल पद प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि जनसेवा, सिद्धांतों और नैतिक प्रतिबद्धताओं को निभाने का दायित्व है। कोई भी चुनाव छोटा या बड़ा नहीं होता, बल्कि हर चुनाव अपने विचारों, संस्कारों और संकल्पों को सिद्ध करने का अवसर होता है।
आज आपको जो अवसर मिला है, उसे सामान्य अवसर समझकर व्यर्थ मत जाने देना। इसे जनसेवा का माध्यम बनाना और राजनीति में शुचिता, सदाचार तथा नैतिकता के उन मूल्यों को पुनः स्थापित करने का प्रयास करना, जो आज धीरे-धीरे गौण होते दिखाई दे रहे हैं।
स्वार्थ अपने चरम पर है। समय कदम-कदम पर आपकी परीक्षा लेगा। परिस्थितियां बदलेंगी, लोग बदलेंगे और समीकरण भी बदलेंगे। ऐसे समय में अपने सिद्धांतों से समझौता मत करना। इस राजनीतिक यात्रा के प्रारंभिक चरण में जिन्होंने निष्ठा और विश्वास के साथ आपका साथ दिया है, उनके योगदान को कभी विस्मृत मत करना।
याद रखना, पद और परिस्थितियां अस्थाई होते हैं, लेकिन कठिन समय में साथ निभाने वालों की निष्ठा ही व्यक्ति के चरित्र की असली पहचान होती है।
स्व. हरिओम सिंह जी के समय जो नन्हे-नन्हे बच्चे राजनीति कि नर्सरी में पढ़ते थे, वे आज संगठन में महत्वपूर्ण ओहदों पर आसीन हैं। यह समय का परिवर्तन है और संगठन की स्वाभाविक प्रक्रिया भी। लेकिन पद की गरिमा तभी बनी रहती है, जब उसके साथ विचारों की गरिमा और व्यवहार में मर्यादा भी बनी रहे।
मुझे यह भी जानकारी मिली है कि हाल ही में उन्हीं ओहदों पर आसीन लोगों द्वारा उस अजातशत्रु व्यक्तित्व के द्वारा संगठन में दिए गए योगदान को बहुत हल्के में लेने कि कोशिश कि गई तो बैठक में स्वयं मुख्यमंत्री जी को नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्हें चुप कराना पड़ा। यहां तक कि वार्ड संख्या 17 के टिकट के संदर्भ में एक वरिष्ठ नेता को वीटो का उपयोग करना पड़ा।
यदि ये घटनाएं वैसी ही हैं, जैसी मुझे जानकारी मिली हैं, तो निश्चित रूप से इन पर आत्ममंथन होना चाहिए। किसी व्यक्ति की राजनीतिक सक्रियता या पद की आलोचना हो सकती है, लेकिन उसके योगदान और व्यक्तित्व के प्रति मर्यादा बनाए रखना भी राजनीतिक संस्कारों का हिस्सा है।
राजनीतिक शुचिता का जितना ध्यान स्व. हरिओम सिंह जी ने रखा उतना तो किसी ने रखा भी नहीं होगा। वे जिलाध्यक्ष, जिला प्रमुख, प्रदेश महामंत्री और सांसद सहित अनेक पदों पर रहे लेकिन कभी उन पदों का दुरुपयोग नहीं किया, न परिवार के किसी सदस्य को इसका लाभ लेने दिया।
अंतिम समय में भी पार्टी ने उनको संदेश भेजा था कि सांसद के लिए आप अपने स्थान पर किसी परिवार के सदस्य को चुनाव लड़वा दीजिए लेकिन उन्होंने इस प्रस्ताव को सीरे से खारिज कर दिया। स्वीकार कर लेते तो शायद कहानी कुछ अलग ही होती।
पूर्व कैबिनेट मंत्री स्व. किरण जी माहेश्वरी से मेरे मतभेद जरूर थे लेकिन यहां प्रशंसा करनी होगी कि उन्होंने भी जिंदा रहते अपने परिवार को सक्रिय राजनीति से हमेशा दूर ही रखा।
स्थानीय राजनीति में पदों पर रहते लाभ किसने उठाया ? इसका आंकलन पाठक स्वयं करेंगे तो दूध और पानी का फर्क साफ दिखने लगेगा।
मैं लंबे अंतराल से राजनीतिक गतिविधियों से दूर रहा हूं। स्थानीय स्तर पर होने वाली उठापटक, खींचतान और विवादों पर मैंने लिखना बंद कर दिया था। लेकिन मेरे मौन को मेरी विस्मृति या कमजोरी समझने की भूल मत करना।
सनद रहे, जब-जब भी स्व. श्री हरिओम सिंह जी राठौड़ और उनके परिवार के सम्मान पर कोई आंच आएगी, मेरी कलम अवश्य चलेगी। फिर चाहे सामने कोई स्थानीय व्यक्ति हो या कोई घनिष्ठ।
एक फौजी जब बंदूक चलाना बंद करता है, तो इसका अर्थ यह नहीं कि वह अपना कर्तव्य, अपना प्रशिक्षण या अपने अनुभव भूल जाता है।
मैंने भी केवल लिखना बंद किया था, भुला नहीं हूं। इस बार मैं केवल संकेतों में अपनी बात रख रहा हूं। मेरा विश्वास है कि समझदार के लिए संकेत ही पर्याप्त होते हैं। इसी में सबका सम्मान और सबका हित है। लेकिन यह भी याद रहे कि मौन रहने का अर्थ यह नहीं कि हर बार मौन ही रहा जाएगा।
अंत में, केवी से मेरा एक आत्मीय निवेदन है...
बिना किसी पूर्वाग्रह के, बिना किसी गुटबाजी के और बिना किसी व्यक्तिगत स्वार्थ के राजनीति में आगे बढ़िए। सेवा को अपना माध्यम बनाइए और जनहित को अपना उद्देश्य। उस महामना के बताए गए पदचिह्नों पर चलते हुए संगठन और सरकार को मजबूत करने का प्रयास कीजिए।
विरासत नाम से नहीं, विचारों से जीवित रहती है; पद से नहीं, कर्मों से प्रतिष्ठित होती है; और राजनीति में वास्तविक पहचान सत्ता से नहीं, सिद्धांतों पर अडिग रहने से बनती है।
मेरी शुभकामनाएं आपके साथ हैं। ईश्वर आपको सद्बुद्धि, धैर्य और जनसेवा के पथ पर दृढ़ता प्रदान करे।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे
Advertisement
राजसमन्द
Advertisement
राजस्थान से
सर्वाधिक पढ़ी गई
Advertisement
Traffic
Features


