Students Made Legally Aware Under Transformative Tuesday-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 6:14 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

ट्रांसफॉर्मेटिव ट्यूजडे के तहत विद्यार्थियों को किया विधिक जागरूक

khaskhabar.com: मंगलवार, 01 सितम्बर 2026 4:34 PM (IST)
ट्रांसफॉर्मेटिव ट्यूजडे के तहत विद्यार्थियों को किया विधिक जागरूक
बाल अपहरण, तस्करी और साइबर खतरों से बचाव की दी जानकारी टोंक। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, टोंक के तत्वावधान में मंगलवार को जिले के विभिन्न विद्यालयों में ट्रांसफॉर्मेटिव ट्यूजडे विधिक साक्षरता एवं संवेदीकरण कार्यक्रम के तहत विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किए गए। न्यायिक अधिकारियों ने विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर उन्हें बाल अपहरण, बहला-फुसलाकर ले जाने, बाल तस्करी, बाल श्रम, जबरन भिक्षावृत्ति एवं बच्चों के विभिन्न प्रकार के शोषण से बचाव की जानकारी दी। जिला एवं सेशन न्यायाधीश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की अध्यक्ष डॉ. सीमा अग्रवाल ने सेंट सोल्जर इंग्लिश मीडियम सीनियर सेकेंडरी स्कूल में विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि अनजान व्यक्ति द्वारा अत्यधिक पूछताछ करना, महंगे उपहार देना, झूठा परिचय देना अथवा अनजान स्थान पर चलने के लिए कहना संभावित खतरे के संकेत हो सकते हैं।
ऐसी स्थिति में तत्काल माता-पिता, शिक्षक अथवा विश्वसनीय व्यक्ति को सूचना देने की सलाह दी गई। प्राधिकरण सचिव एवं अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश दिनेश कुमार जलुथरिया ने बच्चों को अनजान लोगों से सतर्क रहने तथा अपनी व्यक्तिगत जानकारी साझा नहीं करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने सोशल मीडिया और ऑनलाइन माध्यमों के जरिए होने वाले संभावित अपराधों के प्रति भी विद्यार्थियों को जागरूक किया। शिविरों में बाल तस्करी के तरीकों तथा नौकरी, शिक्षा एवं आर्थिक लाभ का लालच देकर बच्चों के शोषण की जानकारी दी गई।
संकट की स्थिति में चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 तथा नि:शुल्क विधिक सहायता के लिए नालसा हेल्पलाइन 15100 पर संपर्क करने की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के तहत मधुसूदन शर्मा, प्रदीप कुमार वर्मा, अटल सिंह चंपावत, आरती माहेश्वरी, स्वाति व्यास, मनोज फौजदार, आशिमा माथुर, गजपाल सिंह एवं तनिषा मेहरा सहित विभिन्न न्यायिक अधिकारियों ने जिले के विद्यालयों में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर बच्चों को उनके अधिकारों एवं सुरक्षा संबंधी कानूनी प्रावधानों से अवगत कराया।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement