Strict enforcement in Behror under the No PUCC - No Fuel campaign, 435 vehicles fined-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:49 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

बहरोड़ में नो पीयूसीसी-नो फ्यूल अभियान के तहत सख्त कार्रवाई, 435 वाहनों के चालान

khaskhabar.com: बुधवार, 21 अक्टूबर 2026 5:25 PM (IST)
बहरोड़ में नो पीयूसीसी-नो फ्यूल अभियान के तहत सख्त कार्रवाई, 435 वाहनों के चालान
बानसूर और नारायणपुर क्षेत्र में परिवहन विभाग ने 225, जबकि यातायात पुलिस ने किए करीब 210 चालान बहरोड़। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में वायु गुणवत्ता सुधारने और वायु प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से संचालित ‘नो पीयूसीसी-नो फ्यूल’ अभियान के तहत परिवहन विभाग द्वारा सख्त कार्रवाई की जा रही है। अभियान के अंतर्गत बिना वैध प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण-पत्र (पीयूसीसी) वाले वाहनों को ईंधन उपलब्ध नहीं कराने के निर्देशों की पालना सुनिश्चित की जा रही है। इसके लिए पेट्रोल पंप संचालकों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं। उप परिवहन कार्यालय, बहरोड़ की ओर से अभियान के तहत वाहन चालकों को भी जागरूक किया जा रहा है। उन्हें अपने वाहनों का वैध प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण-पत्र बनवाने और उसकी वैधता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
10 दिनों में परिवहन विभाग ने किए 225 चालान
उप परिवहन कार्यालय, बहरोड़ में कार्यरत परिवहन निरीक्षक रविदत्त शर्मा, कृष्णावतार सैनी, प्रवीण कुमार और अनिल कुमार मीणा द्वारा अभियान के तहत विगत 10 दिनों में बानसूर एवं नारायणपुर क्षेत्र में कार्रवाई की गई। इस दौरान बिना वैध प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण-पत्र के संचालित होने वाले वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए कुल 225 चालान बनाए गए।
वहीं, यातायात पुलिस द्वारा भी अभियान के तहत कार्रवाई की जा रही है। यातायात पुलिस ने भी करीब 210 वाहनों के चालान बनाए हैं। इस प्रकार परिवहन विभाग और यातायात पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से अभियान के तहत कुल 435 वाहनों के चालान किए जा चुके हैं।
वाहन चालकों से नियमों की पालना की अपील
परिवहन विभाग ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों का प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण-पत्र समय रहते बनवाएं तथा उसकी वैधता सुनिश्चित करें। बिना वैध पीयूसीसी के वाहन संचालित करने से बचें और पेट्रोल पंपों पर ईंधन प्राप्त करने के लिए निर्धारित नियमों की पालना करें।
विभाग का उद्देश्य केवल नियमों की पालना सुनिश्चित करना ही नहीं, बल्कि आमजन को वायु प्रदूषण के प्रति जागरूक करना और पर्यावरण संरक्षण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना भी है।
परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया कि प्रदूषण नियंत्रण, पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ वायु बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। ऐसे में वाहन चालक अपने वाहनों के प्रदूषण प्रमाण-पत्र को वैध रखकर ‘नो पीयूसीसी-नो फ्यूल’ अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement