Statement from the mother of Rehan, an accused in the Tiger Shroff firing case: Someone lured him with the promise of 2 lakh rupees.-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:39 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में आरोपी रेहान की मां का बयान, 'किसी ने उसे 2 लाख देने का दिया था लालच'

khaskhabar.com: मंगलवार, 20 अक्टूबर 2026 3:38 PM (IST)
टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में आरोपी रेहान की मां का बयान, 'किसी ने उसे 2 लाख देने का दिया था लालच'
सोनीपत । अभिनेता टाइगर श्रॉफ से जुड़े फायरिंग मामले में गिरफ्तार आरोपी रेहान की मां ने दावा किया है कि उनका बेटा पिछले 20-22 दिनों से लापता था और परिवार ने उसे काफी तलाश किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ दिन पहले किसी ने उनके बेटे को एक साल में 2 लाख रुपये देने का लालच दिया था। मीडिया से बात करते हुए रेहान की मां ने बताया, ''पूछताछ के दौरान हमसे सवाल किए गए कि तुम्हारा बेटा वहां कैसे पहुंचा और क्या किसी ने उसे गुमराह किया था। मैंने कहा कि रेहान के पास न तो किराया था और न ही दूसरी जरूरी चीजों के लिए पर्याप्त पैसे थे। हमें यह भी जानकारी नहीं थी कि हमारा बेटा आखिर कहां चला गया है। रेहान पिछले 20-22 दिनों से घर से लापता था और हम लगातार उसे ढूंढ रहे थे।''
रेहान की मां ने आगे दावा करते हुए कहा, ''कुछ दिन पहले किसी ने रेहान को एक साल में 2 लाख रुपए कमाने का लालच दिया था। जब उसने मुझे यह बात बताई, तो मैंने उसको समझाने की कोशिश की थी कि लालच में पड़ना गलत है। मैंने कहा कि हम मेहनत करके इज्जत की रोटी खाएंगे। रेहान घर पर ठीक-ठाक रह रहा था। हमें अंदाजा नहीं था कि वह इस तरह के किसी मामले में फंस सकता है।''
मां ने अपने बयान में एक बड़े गैंग का भी जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि उसी गैंग ने रेहान को नशीली चीज खिलाई और उसका मोबाइल फोन छीन लिया। उन्होंने दावा किया कि रेहान पर फायरिंग की घटना से जुड़ा काम करने के लिए दबाव बनाया गया था। हालांकि, पुलिस उनके इन दावों की जांच कर रही है।
टाइगर श्रॉफ से जुड़ी यह घटना मुंबई के जुहू इलाके की है। पुलिस के मुताबिक, रविवार शाम अभिनेता फुटबॉल मैच खेलने के बाद अपनी कार से जा रहे थे, तभी उनकी कार पर कई राउंड गोलियां चलाई गईं। इस मामले में पुलिस ने रेहान, फूल सिंह और ऋतिक कुमार को राजस्थान के कोटा से गिरफ्तार किया। तीनों पर हत्या के प्रयास समेत गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
मुंबई पुलिस को घटनास्थल से पांच खाली कारतूस और दो जिंदा कारतूस भी मिले थे। पुलिस के अनुसार, आरोपी रेहान की बंदूक जाम होने के बाद दो जिंदा कारतूस उससे गिर गए थे। शुरुआत में फूल सिंह को नाबालिग बताया गया था लेकिन मुंबई पुलिस ने बताया कि वह वयस्क है। पुलिस का आरोप है कि घटना के दौरान उसने पांच राउंड फायर किए थे।
--आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement