Special on 350th Martyrdom Day: A World-Class University to Be Established in Anandpur Sahib in the Name of Guru Tegh Bahadur Ji-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Oct 9, 2026 1:35 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

350वें शहीदी दिवस पर विशेष: आनंदपुर साहिब में गुरु तेग बहादुर जी के नाम पर स्थापित होगी विश्वस्तरीय यूनिवर्सिटी

khaskhabar.com: बुधवार, 26 नवम्बर 2025 5:36 PM (IST)
350वें शहीदी दिवस पर विशेष: आनंदपुर साहिब में गुरु तेग बहादुर जी के नाम पर स्थापित होगी विश्वस्तरीय यूनिवर्सिटी
श्री आनंदपुर साहिब। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के विचार को अमली जामा पहनाते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आज श्री आनंदपुर साहिब में नौवें पातशाह श्री गुरु तेग बहादुर जी के नाम पर विश्व स्तरीय यूनिवर्सिटी स्थापित करने की घोषणा की। यहां के गुरुद्वारा बुड्डा दल छावनी में श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस के अवसर पर ‘सरबत दा भला’ एकत्रीकरण के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि वरोसाई पवित्र नगरी में स्थापित की जाने वाली यह यूनिवर्सिटी गुरु साहिब जी के महान संकल्प को और मजबूत करेगी। उन्होंने कहा कि यह यूनिवर्सिटी नौवें पातशाह जी की अद्वितीय शहादत, महान जीवन और दर्शन के बारे में गहन शोध के लिए अत्यंत सहायक सिद्ध होगी। भगवंत सिंह मान ने कहा कि यह प्रतिष्ठित संस्था हमारी आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करने के साथ-साथ महान गुरु साहिब जी के जीवन और दर्शन का प्रसार करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री गुरु तेग बहादुर जी समाजवाद और धर्मनिरपेक्षता की जीवंत मूर्ति थे क्योंकि गुरु साहिब जी ने देश में मानवीय अधिकारों की रक्षा के लिए महान बलिदान दिया। भगवंत सिंह मान ने लोगों से ‘हिंद दी चादर’ श्री गुरु तेग बहादुर जी की आत्म-बलिदान की भावना को अपनाने की अपील की, जिन्होंने मानवीय अधिकारों और धर्मनिरपेक्ष मूल्यों-कीमतों को कायम रखने के साथ-साथ धार्मिक स्वतंत्रता की रक्षा के लिए अपना जीवन कुर्बान कर दिया। उन्होंने कहा कि श्री गुरु ग्रंथ साहिब में दर्ज श्री गुरु तेग बहादुर जी की पावन बाणी एकता, विश्व-व्यापी भाईचारे, धार्मिकता, बहादुरी और दया का संदेश देती है, जिसका पालन सभी को करना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि धर्म की रक्षा के लिए गुरु साहिब की अद्वितीय शहादत मानवता के इतिहास में बेमिसाल है। उन्होंने कहा कि श्री गुरु तेग बहादुर जी ने सच्चाई और धार्मिक स्वतंत्रता के मूल्यों को कायम रखने के लिए अपनी कुर्बानी दी और इसे हमेशा याद रखा जाना चाहिए। भगवंत सिंह मान ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा स्थापित की जा रही विश्व स्तरीय यूनिवर्सिटी दुनिया के कोने-कोने में गुरु साहिब के जीवन और दर्शन का प्रचार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री गुरु तेग बहादुर जी का जीवन और दर्शन समूची मानवता के लिए एक प्रकाश बिंदु है। उन्होंने कहा कि यह प्रस्तावित यूनिवर्सिटी एक ओर इस शानदार विरासत को कायम रखने और दूसरी ओर लोगों के बीच साझ को और मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि श्री गुरु तेग बहादुर जी द्वारा दी गई कुर्बानी बेमिसाल है और ऐसी मिसाल दुनिया के किसी अन्य इतिहास में नहीं मिलती। भगवंत सिंह मान ने कहा कि गुरु साहिब से पहले शासकों द्वारा भारी जुल्म किए जाते थे लेकिन गुरु साहिब कभी ऐसी चालों के आगे नहीं झुके और धार्मिक स्वतंत्रता के लिए अपनी जान कुर्बान कर दी, जिसकी विश्व में कोई मिसाल नहीं मिलती।
मुख्यमंत्री ने इस नेक कार्य को पूरा करने के लिए प्रदेश सरकार का समर्थन करने पर संत समाज का धन्यवाद किया और कहा कि प्रदेश सरकार ने अपना फर्ज पूरी तनदेही और श्रद्धा भावना से निभाया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने इस पवित्र स्थान पर पंजाब विधान सभा का विशेष सत्र आयोजित करवाया जो अत्यंत बेमिसाल था क्योंकि पूरी विधान सभा को गुरु साहिब के चरणों में लाया गया था। भगवंत सिंह मान ने कहा कि विधान सभा ने सर्वसम्मति से सभी तख्तों वाली सिटी अमृतसर, तलवंडी साबो और श्री आनंदपुर साहिब को पवित्र शहर का दर्जा देने का फैसला किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सिखों के पांच तख्त साहिब हैं जिनमें से तीन श्री अकाल तख्त साहिब (अमृतसर), श्री दमदमा साहिब (तलवंडी साबो, बठिंडा) और तख्त श्री केसगढ़ साहिब (श्री आनंदपुर साहिब) पंजाब में हैं। भगवंत सिंह मान ने कहा कि लोगों की पुरानी मांग को ध्यान में रखते हुए और पंजाब विधान सभा के इस सत्र को यादगार बनाने के लिए प्रदेश सरकार ने इन शहरों को पंजाब के पवित्र शहर घोषित किया है। उन्होंने कहा कि संगत की पुरानी मांग को पूरा करने के लिए इन शहरों में मांस, शराब, तंबाकू और अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री एवं उपयोग पर प्रतिबंध होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन शहरों के सर्वांगीण विकास के लिए कोई कसर बाकी नहीं छोड़ी जाएगी और इस नेक कार्य के लिए फंडों एवं संसाधनों की कोई कमी नहीं है। उन्होंने इन शहरों में नतमस्तक होने आने वाली संगत के लिए ई-रिक्शा, मिनी बसें और अन्य मुफ्त जन परिवहन प्रणाली की भी घोषणा की। भगवंत सिंह मान ने कहा कि इन शहरों के विकास को और गति देने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे क्योंकि इस कार्य के लिए फंडों की कोई कमी नहीं है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी को नम्र श्रद्धांजलि भेंट करते हुए प्रदेश सरकार द्वारा गुरु साहिब के 350वें शहीदी दिवस को समर्पित पूरे प्रदेश में क्रमवार समागम करवाए गए हैं। उन्होंने कहा कि श्री गुरु तेग बहादुर जी की अनुपम शहादत सर्वोच्च और बेमिसाल है क्योंकि इस शहादत का उद्देश्य दूसरों के धर्म की रक्षा करना था। भगवंत सिंह मान ने कहा कि श्री गुरु तेग बहादुर साहिब ने धार्मिक स्वतंत्रता की रक्षा के लिए महान कुर्बानी दी ताकि दुनिया के लिए मिसाल कायम की जा सके।
मुख्यमंत्री ने लोगों को गुरु साहिब द्वारा दिखाए मानवता और सच्चाई के रास्ते पर चलने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नौवें सिख गुरु साहिब का संदेश धर्मनिरपेक्षता, एकता और विश्वव्यापी भाईचारे का सच्चा प्रतीक है। उन्होंने कहा कि गुरु साहिब का जीवन और दर्शन हमेशा मानवता के लिए प्रकाश बिंदु बना रहेगा। भगवंत सिंह मान ने कहा कि ये समागम आने वाले समय में भी जारी रहेंगे और आने वाले वर्षों में भी शहीदी दिवस को समर्पित पूरे प्रदेश में समागम करवाएजाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन समागमों का एकमात्र उद्देश्य महान गुरु साहिब की महान विरासत को हमारी आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना है। भगवंत सिंह मान ने पवित्र नगरी में मौजूदा चरण गंगा स्टेडियम के नवीनीकरण और अपग्रेड की योजनाओं की भी घोषणा की ताकि हर साल होला मोहल्ला के अवसर पर पवित्र नगरी आने वाली संगत को बेहतर सुविधाएं प्रदान की जा सकें। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार समाज के हर वर्ग की भलाई के लिए वचनबद्ध है और इस संबंध में पहले से ही ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।
अपने संबोधन में ‘आप’ के राष्ट्रीय संयोजक ने कहा कि पिछले तीन दिनों से वे अपनी पत्नी के साथ इस पवित्र धरती को नमन करने यहां मौजूद हैं। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि वे खुद को बहुत सौभाग्यशाली महसूस कर रहे हैं कि उन्हें गुरुद्वारा श्री केसगढ़ साहिब, गुरुद्वारा सीस गंज साहिब और गुरुद्वारा भोरा साहिब में नतमस्तक होने का सौभाग्य मिला। उन्होंने कहा कि इस पवित्र दिवस के अवसर पर और श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस की याद में आयोजित समागमों की लड़ी में शामिल होना उनके लिए एक अनूठा अनुभव था। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा इस पवित्र नगरी में नतमस्तक होने आने वाली संगत की सुविधा के लिए व्यापक प्रबंध किए गए हैं।
‘आप’ के राष्ट्रीय संयोजक ने कहा कि यदि इस सेवा में कोई कमी रह गई हो तो पंजाब सरकार प्रदेश के लोगों और महान गुरु साहिब से क्षमा की याचक है। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि यदि श्री गुरु तेग बहादुर जी के संदेश को लोग अपने जीवन में अपनाएं तो दुनिया में किसी भी तरह के सांप्रदायिक तनाव के लिए कोई जगह नहीं बचेगी। उन्होंने कहा कि गुरु साहिब का प्रेम, दया और मानवता का संदेश विश्व शांति का मार्ग प्रशस्त कर सकता है।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि इन समागमों के लिए सारे प्रबंध इसलिए संभव हो सके क्योंकि प्रदेश सरकार महान गुरुओं द्वारा दिखाए मार्ग पर चल रही है। उन्होंने कहा कि ईमानदारी के रास्ते पर चलते हुए प्रदेश सरकार द्वारा लोगों की भलाई के लिए एक-एक पैसा पूरी सूझबूझ और सजगता के साथ खर्च किया गया है। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा लोगों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जा रही हैं।
‘आप’ के राष्ट्रीय संयोजक ने कहा कि प्रदेश के दूर-दराज के इलाकों में भी किसानों को नहरी पानी मिल रहा है और साथ ही प्रदेश के 90 प्रतिशत घरों को मुफ्त बिजली मिल रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार सौभाग्यशाली है कि उन्हें प्रदेश के लोगों की सेवा करने और गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस को समर्पित समागम करवाने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि समूचा सिख इतिहास चढ़दी कला का प्रतीक है जो लोगों को मेहनत करने, परमात्मा का नाम जपने, दूसरों के साथ बांटकर खाने और कमजोर व दबे-कुचले लोगों की रक्षा के लिए प्रेरित करता है।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आज भी पंजाबी महान गुरुओं से जुल्म, जबर और अत्याचार के खिलाफ लड़ने की प्रेरणा लेते हैं। उन्होंने कहा कि भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार इस पवित्र नगरी के विकास के लिए अधिक से अधिक योगदान देना अपना फर्ज समझती है। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि यह बहुत गर्व और संतुष्टि की बात है कि मंत्री से लेकर अधिकारी तक प्रदेश सरकार से जुड़ा हर व्यक्ति ने गुरु साहिब की सेवा में अपना योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि समागमों को सुचारु रूप से संपन्न कराना उनके सामूहिक प्रयासों का ही परिणाम है।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा, हरपाल चीमा, हरजोत सिंह बैंस, तरुणप्रीत सिंह सौंद, लाल चंद कटारूचक्क, हरभजन सिंह ई.टी.ओ., लोक सभा सदस्य मालविंदर सिंह कंग सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement