Resolve grievances registered on the Sampark portal within the stipulated timeframe: District Collector-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:32 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

संपर्क पोर्टल पर दर्ज परिवेदनाओं का निर्धारित समयावधि में निस्तारण करें : जिला कलक्टर

khaskhabar.com: सोमवार, 16 नवम्बर 2026 5:19 PM (IST)
संपर्क पोर्टल पर दर्ज परिवेदनाओं का निर्धारित समयावधि में निस्तारण करें : जिला कलक्टर
डूंगरपुर। जिला कलक्टर देशलदान ने अधिकारियों को आगामी 20 नवंबर को होने वाली मतगणना की सभी तैयारियां समयबद्ध रूप से पूरी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि मतगणना कार्य में जिन अधिकारियों एवं कार्मिकों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, वे आपसी समन्वय और पूरी गंभीरता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें, ताकि मतगणना प्रक्रिया सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके। जिला कलक्टर सोमवार को जिला कलेक्ट्रेट परिसर स्थित सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग (डीओआईटी) के वीसी कक्ष में आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ब्लॉक स्तरीय अधिकारी भी जुड़े। जनजाति गौरव उत्सव और वागड़ महोत्सव की तैयारियों की समीक्षा
जिला कलक्टर ने 15 नवंबर से शुरू हुए जनजाति गौरव उत्सव के तहत आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियों तथा आगामी वागड़ महोत्सव की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय से कार्यक्रमों का सफल और व्यवस्थित आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि दिसंबर में राज्य सरकार के तीन वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए सभी विभाग पिछले तीन वर्षों में किए गए उल्लेखनीय और सफल कार्यों का संकलन कर व्यवस्थित फोल्डर तैयार करें।
नई ग्राम पंचायतों में जल्द विकसित करें आधारभूत सुविधाएं
ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग की समीक्षा के दौरान बताया गया कि नवगठित ग्राम पंचायतों के संचालन के लिए संबंधित क्षेत्रों में उपलब्ध सामुदायिक भवनों और अन्य सरकारी भवनों का उपयोग किया जाएगा। जर्जर भवनों की आवश्यक मरम्मत करवाकर उन्हें कार्यालय संचालन के योग्य बनाया जाएगा।
इस पर जिला कलक्टर ने सभी विकास अधिकारियों को नवीन ग्राम पंचायतों का निरीक्षण कर कार्यालय संचालन के लिए आवश्यक आधारभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि जिले की नौ तहसीलों को सूखाग्रस्त घोषित किया गया है। ऐसे में सभी उपखंड अधिकारी और तहसीलदार सूखे से संबंधित पात्रता एवं अन्य प्रकरणों में पटवारियों के माध्यम से मौके पर जांच करवाएं तथा नियमानुसार पात्र व्यक्तियों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाएं।
गर्मियों से पहले पेयजल व्यवस्था की कार्ययोजना बनाएं
जल संसाधन विभाग की समीक्षा करते हुए जिला कलक्टर ने पेयजल आपूर्ति से जुड़ी परियोजनाओं, हैंडपंप, ट्यूबवेल और अन्य कार्यों को निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आगामी अप्रैल से अगस्त तक आमजन को निर्बाध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए अभी से कार्ययोजना तैयार की जाए और आवश्यक प्रस्ताव समय पर विभाग को भेजे जाएं।
विद्युत विभाग की समीक्षा में अधीक्षण अभियंता ने बताया कि जिले में कृषि कार्यों के लिए सुबह 6 से दोपहर 12 बजे तक तथा घरेलू कनेक्शनों के लिए सुबह 10 से शाम 4 बजे तक बिजली आपूर्ति की जा रही है। कृषि क्षेत्र से संबंधित 814 विद्युत कनेक्शन पूरे किए जा चुके हैं। शेष कनेक्शन दिसंबर तक पूर्ण करने का लक्ष्य है।
जिला कलक्टर ने वोल्टेज संबंधी समस्याओं का त्वरित समाधान करने और बिजली आपूर्ति सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए।
सोम-कमला-आंबा बांध की नहरों का होगा नियमित निरीक्षण
डब्ल्यूआरडी विभाग की समीक्षा के दौरान जिला कलक्टर ने सोम-कमला-आंबा बांध में जल उपलब्धता, नहरों की सफाई और सिंचाई व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित उपखंड अधिकारियों को नहरों के कमांड क्षेत्र का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए।
साथ ही पानी की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था की समीक्षा के लिए उपखंड अधिकारी की अध्यक्षता में हर महीने बैठक आयोजित करने को कहा, ताकि किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी मिल सके।
गौशालाओं में चारे-पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करें
पशुपालन विभाग की समीक्षा के दौरान जिला कलक्टर ने गौशालाओं में आगामी मानसून तक चारे की आवश्यकता का आकलन कर अग्रिम कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने मोबाइल यूनिट टीम की कार्यप्रणाली की जानकारी भी ली।
सभी उपखंड अधिकारियों को गौशालाओं का नियमित निरीक्षण करने तथा वहां चारे और पानी की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान रबी फसल के लिए यूरिया और डीएपी खाद की उपलब्धता पर चर्चा हुई। जिला कलक्टर ने किसानों की मांग और आवश्यकता के अनुरूप समय पर खाद उपलब्ध कराने को कहा। फसल बीमा योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्होंने उपखंड अधिकारियों और तहसीलदारों को बीमा कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ प्रतिमाह बैठक कर किसानों की समस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए।
पालनहार और पीएम पोषण योजनाओं की करें नियमित मॉनिटरिंग
शिक्षा विभाग की समीक्षा में पालनहार योजना, मध्याह्न भोजन (MDM) वितरण, लंबित बिलों के भुगतान, पीएम पोषण योजना और बाल गोपाल योजना के तहत दूध की उपलब्धता की जानकारी ली गई।
जिला कलक्टर ने उपखंड अधिकारियों और तहसीलदारों को विद्यालयों का नियमित निरीक्षण करने तथा योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि पालनहार योजना के तहत कोई भी पात्र लाभार्थी सरकारी सहायता से वंचित नहीं रहना चाहिए।
सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र 24 घंटे संचालित करने के निर्देश
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान मौसमी बीमारियों की रोकथाम, आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता, एसपीवी टीकाकरण, एचआरपीवी से संबंधित महिलाओं की जांच और अन्य स्वास्थ्य सेवाओं की प्रगति पर चर्चा की गई।
जिला कलक्टर ने ब्लॉकवार आंकड़े तैयार कर नियमित जांच और मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने उपखंड अधिकारियों को फील्ड में जाकर एचआरपीवी से संबंधित महिलाओं से संवाद करने और स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता की जानकारी लेने को कहा।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement