Punjab: Businessman killed in broad daylight firing in Abohar-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:37 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

पंजाब के अबोहर में दिनदहाड़े ताबड़तोड़ फायरिंग कर कारोबारी की हत्‍या

khaskhabar.com: सोमवार, 07 जुलाई 2025 6:45 PM (IST)
पंजाब के अबोहर में दिनदहाड़े ताबड़तोड़ फायरिंग कर कारोबारी की हत्‍या
फाजिल्का (पंजाब), । पंजाब में फाजिल्का के अबोहर में सोमवार सुबह एक कारोबारी की दिनदहाड़े हत्या कर दी गई। तीन बदमाशों ने व्यवसायी और वीयरवैल शोरूम के संचालक जगत वर्मा के भाई संजय वर्मा पर शोरूम के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। शोरूम के कर्मचारियों ने घायल कारोबारी को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने कुछ युवकों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। इस घटना के बाद शहर के व्यापारियों में रोष है। जानकारी के मुताबिक, कारोबारी संजय वर्मा सुबह अपनी कार से शोरूम पहुंचे। गाड़ी से उतरते ही पैदल आ रहे तीन बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी और वहां से फरार हो गए। आसपास एकत्र हुए लोगों और शोरूम के कर्मचारियों ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां कुछ समय बाद ही उनकी मौत हो गई।
इधर, सूचना मिलते ही एसएसपी गुरमीत सिंह, एसपीडी बलकार सिंह, एसपीएच मुख्तयार सिंह ने भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि उनकी कार पर करीब 8 से 10 राउंड फायरिंग की गई। चार खोखे कार के शीशे पर और चार बाहर गिरे हुए मिले। जांच पड़ताल के दौरान एक लावारिस बाइक भी शोरूम से कुछ दूरी पर सरकारी अस्पताल की तरफ जाने वाली संकरी गली में मिली, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है। बताया जा रहा है कि यह बाइक हमलावरों की ही है।
घटना की सूचना फैलते ही पूरे शहर के व्यापारियों में शोक की लहर दौड़ गई और उनमें रोष है। पूर्व विधायक अरुण नारंग, विधायक संदीप जाखड़, व्यापार मंडल के प्रधान सुरेश सतीजा, राकेश कलानी सहित अन्य व्यापारी अनिल नागौरी शोरूम के बाहर पहुंच गए और घटना पर शोक जताया। इस घटना के रोष स्वरूप सोमवार को आसपास का पूरा बाजार बंद रहा।
--आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement