Prepare thoroughly for the voting process; ensure a fair and transparent election: District Election Officer-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:32 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

मतदान प्रक्रिया की गंभीरता से करें तैयारी, निष्पक्ष एवं पारदर्शी मतदान करवाना सुनिश्चित करें : जिला निर्वाचन अधिकारी

khaskhabar.com: गुरुवार, 10 सितम्बर 2026 3:23 PM (IST)
मतदान प्रक्रिया की गंभीरता से करें तैयारी, निष्पक्ष एवं पारदर्शी मतदान करवाना सुनिश्चित करें : जिला निर्वाचन अधिकारी
डूंगरपुर। नगर निकाय आम चुनाव- 2026 के अंतर्गत द्वितीय चरण में नगर पालिका सागवाड़ा के पार्षद सदस्य के मतदान करवाने हेतु गुरुवार को जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलक्टर देशलदान तथा राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षक अशोक कुमार द्वितीय की उपस्थिति में 35 मतदान दल रवाना किये गए। मतदान दलों के रवाना होने से पूर्व भोगीलाल पंड्या राजकीय महाविद्यालय में सफल एवं सुचारु मतदान संपन्न करवाने के लिए अंतिम प्रशिक्षण दिया गया। भोगीलाल पंड्या राजकीय महाविद्यालय में आयोजित मतदान दल अधिकारियों के अंतिम प्रशिक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी देशलदान ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त जानकारी के साथ-साथ सभी पीठासीन अधिकारी मार्गदर्शिका का भी गहन अध्ययन कर लें। उन्होंने कहा कि मतदान प्रक्रिया के दौरान उत्पन्न होने वाली विभिन्न परिस्थितियों एवं समस्याओं के समाधान के लिए मार्गदर्शिका में आवश्यक दिशा-निर्देश उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि फील्ड में प्रत्येक अधिकारी को सौंपे गए दायित्वों का पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करना सुनिश्चित करें। मतदान की संपूर्ण प्रक्रिया का भली-भांति अध्ययन कर मतदान केंद्र पर निष्पक्षता एवं पारदर्शिता के साथ मतदान संपन्न करवाएं।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि मॉकपोल से लेकर मतदान समाप्ति तक की प्रत्येक गतिविधि पर विशेष ध्यान दिया जाए। मतदान केंद्र पर निर्धारित व्यवस्थाओं, मतदाताओं के प्रवेश, पहचान सत्यापन सहित सभी आवश्यक प्रक्रियाओं का निर्धारित नियमों के अनुसार पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने मतदाताओं की पहचान के लिए निर्धारित वैकल्पिक दस्तावेजों की सावधानीपूर्वक जांच करने के भी निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि मतदान प्रक्रिया में छोटी-सी लापरवाही भी महत्वपूर्ण हो सकती है, इसलिए सभी अधिकारी निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों एवं निर्धारित प्रोटोकॉल का अक्षरशः पालन करते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने मीडिया से रूबरू होते हुए बताया कि नगर पालिका सागवाड़ा में पार्षद सदस्य के लिए द्वितीय चरण में 35 वार्ड में 35 बूथ पर मतदान करवाए जाएंगे। सुचारू मतदान प्रक्रिया हेतु मतदान केंद्र पर 35 बूथ बनाये गए है। इसके लिए 35 मतदान दलों को रवाना किया गया है, वहीं 4 मतदान दलों को रिजर्व रखा गया है।
इसके साथ ही चुनाव को लेकर सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किये गए है, इसमें 4 सेक्टर ऑफिसर की तैनाती के साथ सुरक्षा कर्मियों को लगाया गया है तथा क्रिटिकल मतदान केंद्र पर भी सुरक्षा की कड़े इंतजाम किए गए। उन्होंने बताया कि 11 सितंबर को नगर पालिका सागवाड़ा में मतदान प्रातः 07.00 बजे से सायं 6.00 तक होगा।
निर्वाचन प्रक्रिया में अनुशासन एवं समन्वय सर्वोच्च प्राथमिकताउप जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए कि मतदान केंद्र के 100 मीटर के दायरे में तैनात सभी अधिकारियों, पुलिसकर्मियों एवं कार्मिक निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें।
उन्होंने निर्वाचन संबंधी नियमों एवं व्यवस्थाओं की पूर्ण जानकारी रखने तथा केवल अधिकृत सूचनाओं का ही आदान-प्रदान करने की जानकारी दी। साथ ही, किसी भी समस्या या विवाद की स्थिति में धैर्य, विवेक और संवाद के माध्यम से समाधान करने तथा बल प्रयोग से बचने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस एवं निर्वाचन दलों से मार्गदर्शिका का गंभीरता से अध्ययन कर टीम भावना, बेहतर समन्वय और निष्पक्षता के साथ शांतिपूर्ण एवं सुचारु निर्वाचन संपन्न कराने की अपील की।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी हनुमान सिंह राठौड़ ने प्रशिक्षण कार्यक्रम में पीठासीन अधिकारियों, मतदान दल एवं सेक्टर अधिकारियों से प्रश्नोत्तरी के माध्यम से संवाद किया। उन्होंने मतदान प्रक्रिया के दौरान संभावित परिस्थितियों एवं समस्याओं पर चर्चा करते हुए उनके प्रभावी समाधान विस्तृत जानकारी दी।
प्रशिक्षण में दक्ष प्रशिक्ष वैभव पाठक, दुर्गाशंकर गामोट एवं विमल साद ने मतदान दल अधिकारियों को मतदान केंद्र पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा वोटिंग कंपार्टमेंट तैयार करने की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी।
प्रशिक्षण के दौरान निर्धारित प्रपत्र एवं पत्रावलियां तैयार करने, ईवीएम की कार्यप्रणाली तथा मॉक पोल की प्रक्रिया सहित मतदान से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं पर व्यावहारिक एवं विस्तारपूर्वक मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
मतदान दलों की रवानगी को लेकर महाविद्यालय स्थल पर जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा बेहतर व्यवस्थाएं की गई जिसमें प्रशिक्षण से लेकर मतदान दलों को मतदान सामग्रियों के वितरण हेतु अलग काउंटर की व्यवस्था की गई। साथ ही हर कार्य के निष्पादन हेतु लगातार उद्घोषणा के माध्यम से मतदान दलों को मार्गदर्शन मुहैया कराया गया।
इस अवसर पर राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षक अशोक कुमार द्वितीय, उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं एडीएम प्रकाश चंद्र रेगर एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी हनुमान सिंह राठौड़, रिटर्निंग अधिकारी नगर पालिका सागवाड़ा सुबोध सिंह चारण, दक्ष प्रशिक्षक वैभव पाठक, दुर्गाशंकर गामोट, दुष्यंत पंड्या, विमल साद, सहित समस्त संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement