करनाल। योग ऋषि स्वामी रामदेव ने कहा है कि बच्चों को संस्कार और शिक्षा देना ही हमारा उद्देश्य है और इसी पथ पर हमें अग्रसर होना है। स्वामी रामदेव स्थानीय कालीदास रंगशाला में भारत स्वाभिमान न्यास और पतंजलि योग समिति करनाल, महिला पतंजलि योग समिति, युवा भारत एवं पतंजलि किसान सेवा समिति के तत्वाधान में आयोजित हरियाणा शहीदी पर्व पर हुए एक शाम शहीदों के नाम और कार्यकर्ता सम्मेलन को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि संस्था से संगठन तक कार्य करने का गौरव करनाल को प्राप्त है। इसी कड़ी में हम 500 ब्रह्मचारियों की एक टीम जल्द तैयार करने जा रहे है। उन्होंने कहा कि पतंजलि योग पीठ की ओर से अभी तक एक लाख लोगों को रोजगार दिया जा चुका है और एक करोड़ किसानों को भी जोड़ा जा चुका है। आने वाले वर्षों में वे 5 लाख और लोगों को रोजगार देंगे और पांच करोड़ किसानों को जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा क्रांति के तहत हमने एक लाख आचार्यकुलम खोलने का लक्ष्य लिया है। जिसमें करनाल भी शामिल है। इस मौके पर मुख्य संसदीय सचिव बख्शीश सिंह विर्क, नीलोखेड़ी विधायक और बीजेपी जिलाध्यक्ष भगवानदास कबीरपंथी के साथ पतंजलि किसान सेवा समिति के पदाधिकारी भी मौजूद थे।