कैथल । बीजेपी सांसद राजकुमार सैनी ने कहा है कि वर्तमान केंद्र सरकार एवं प्रदेश सरकार द्वारा अभूतपूर्व विकास कार्य करवाएं जा रहे हैं। यह विकास कार्य विपक्षी पार्टियों को हजम नहीं हो रहे। गुहला में सैनी समाज द्वारा आयोजित सम्मान समारोह को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित करते उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा विकास कार्यों में पारदर्शिता लाने के उद्देश्य से पंचायती राज संस्थाओं को विकास कार्यों के लिए सीधे बैंक खातों में फंड भिजवाया जा रहा है। भारतीय जनता पार्टी द्वारा किसानों व मजदूरों के कल्याण के लिए कार्य किया जा रहा है। विपक्षी पार्टियों ने अभी तक किसानों और मजदूरों के कल्याण के लिए कार्य नहीं किया, बल्कि अब तक इन वर्गों को केवल गुमराह किया है। गुहला भाजपा विधायक कुलवंत बाजीगर ने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार द्वारा गुहला में विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। इससे पहले यह क्षेत्र विकास के मामले में काफी पिछड़ा रहा है। प्रदेश सरकार द्वारा किसानों को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से नहरों के अंतिम छोर तक पानी पहुंचाया जा रहा है।