Major Action by ACB Dholpur: Junior Assistant Caught Red-Handed Accepting 25,000 Bribe-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:48 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

एसीबी धौलपुर की बड़ी कार्रवाई : कनिष्ठ सहायक 25,000 रुपये घूस लेते रंगे हाथों गिरफ्तार

khaskhabar.com: बुधवार, 03 जून 2026 2:17 PM (IST)
एसीबी धौलपुर की बड़ी कार्रवाई : कनिष्ठ सहायक 25,000 रुपये घूस लेते रंगे हाथों गिरफ्तार
धौलपुर। राजस्थान में भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बुधवार को कार्रवाई को अंजाम दिया है। एसीबी चौकी धौलपुर की टीम ने जाल बिछाकर ग्राम पंचायत रतनपुर (पंचायत समिति बसेड़ी) में कार्यरत कनिष्ठ सहायक रमेश कुमार को परिवादी से 25,000 रुपये की रिश्वत राशि लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। एसीबी मुख्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, परिवादी ने धौलपुर चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी कि ग्राम पंचायत रतनपुर में मनरेगा योजना के तहत मस्टरोल जारी करने की एवज में कनिष्ठ सहायक रमेश कुमार द्वारा 26,000 रुपये की रिश्वत मांगकर उसे लगातार परेशान किया जा रहा है। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए एसीबी की टीम ने 01 जून 2026 को गोपनीय सत्यापन करवाया, जिसमें आरोपी द्वारा 25,000 रुपये की रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि हुई। सत्यापन के बाद आज, 03 जून 2026 को एसीबी भरतपुर रेंज के उपमहानिरीक्षक पुलिस ओमप्रकाश मीणा के सुपरविजन में और धौलपुर चौकी के पुलिस उप अधीक्षक ज्ञानचन्द के नेतृत्व में ट्रैप की कार्रवाई को अंजाम दिया गया। टीम ने आरोपी रमेश कुमार को परिवादी से 25,000 रुपये की घूस लेते हुए रंगे हाथों दबोच लिया। रिश्वत की यह राशि आरोपी की पैंट की जेब से बरामद की गई है। एसीबी की महानिरीक्षक पुलिस एस परिमला के सुपरविजन में आरोपी से पूछताछ और अग्रिम अनुसंधान की प्रक्रिया जारी है। ब्यूरो द्वारा मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement