पलवल। कैंप थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति को अगवा कर एक लाख 20 हजार रुपए की फिरौती मांगने का मामला सामने आया है। सूचना के बाद पुलिस ने पूरी घेराबंदी करते हुए अपहर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया और अपहर्ताओं के चंगुल से अपहरण किए गए व्यक्ति को मुक्त करा लिया। इस दौरान पुलिस ने एक युवक वीरेंद्र और एक महिला अफसाना को भी गिरफ्तार किया है। वहीं एक अन्य युवक दिनेश मौके से फरार होने में कामयाब रहा। थाना प्रभारी विश्वा गौरव ने बताया कि गांव दिघौट निवासी मोहित ने शिकायत दी थी कि उसके फोन पर दिनेश नाम के व्यक्ति का फोन आया। जिसने कहा कि जोधपुर गांव निवासी विरेंद्र भी मेरे साथ है और तुम्हारा पिता कृष्ण हमारे कब्जे में है। यदि इसे सकुशल छुड़ाना चाहते हो तो एक लाख 20 हजार रुपए लेकर जल्दी से आ जाओ। वरना इसे जान से मार देंगे। साथ ही इस पर दुष्कर्म का झूठा आरोप भी लगा देंगे। लेकिन मोहित ने मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने गुप्त तरीके से कार्रवाई करते हुए आरोपियों के बताए स्थान पर ही दबिश दी। जहां से अपहरण किए गए एक व्यक्ति को मुक्त करा लिया गया।