JJP workers should unite and demonstrate their strength on the soil of Ahirwal: Ajay Singh Chautala-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:49 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

अहीरवाल की धरा पर संगठित होकर अपनी ताकत को दर्शाएं जेजेपी कार्यकर्ता : अजय सिंह चौटाला

khaskhabar.com: रविवार, 15 नवम्बर 2026 5:59 PM (IST)
अहीरवाल की धरा पर संगठित होकर अपनी ताकत को दर्शाएं जेजेपी कार्यकर्ता : अजय सिंह चौटाला
चंडीगढ़। जननायक जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ अजय सिंह चौटाला ने कहा है कि देश एवं प्रदेश को भाजपा सरकार दोनों हाथों से लूट रही है। भाजपा सरकार बड़े-बड़े पूंजीपतियों को देश की बेशकीमती संपत्ति बेचने में लगी हुई है। उन्होंने कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी प्रदेश में निवेश लाने का झूठा दावा करते हैं, जिस क्षेत्र में ऑटोमोबाइल को बढ़ावा दिया जा सकता है, वहां सीएम कपड़ा और हीरा व्यापार को बढ़ावा देने की बेतुकी बातें करते हैं। डॉ चौटाला ने कहा कि आज हम सबको मिलकर भाजपा को करारा जवाब देना चाहिए। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से आह्वान करते हुए कहा कि छह दिसंबर को स्थापना दिवस के अवसर पर अहीरवाल की पावन धरा महेंद्रगढ़ में होने वाली जन-जन अधिकार रैली में सभी जेजेपी कार्यकर्ता संगठित होकर अपनी ताकत को दर्शाएं ताकि इसका आगे चुनावी वर्ष में जेजेपी को फायदा मिल सके और प्रदेश में बदलाव लाया जा सके। रविवार को जेजेपी प्रमुख डॉ अजय सिंह चौटाला, पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला, जेजेपी प्रदेश अध्यक्ष बृज शर्मा व अन्य वरिष्ठ जेजेपी नेता कुरुक्षेत्र और अंबाला जिले में महेंद्रगढ़ रैली का न्यौता देने पहुंचे थे। पत्रकारों से रूबरू होते हुए पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि हरियाणा में मुख्यमंत्री नायब नहीं, बल्कि गायब हैं। उन्होंने कहा कि रोजाना सीएम के कार्यक्रम पंजाब में रहते हैं। हरियाणा को सबसे खराब कानून व्यवस्था वाला प्रदेश बना दिया गया है। मंडियों में किसानों को फसल बेचने के लिए प्रताड़ित होना पड़ रहा है। फसलों का उठान न होने की वजह से भुगतान अटका हुआ है। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि भाजपा सरकार अपने चेहते राइस मिलरों को फायदा पहुंचा रही है और प्रदेश में बड़े स्तर पर धान खरीद के दौरान घोटाला हुआ है। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि भाजपा सरकार की खराब नीतियों के कारण देश के आम नागरिकों को महंगाई की मार झेलनी पड़ रही है और देश की अर्थव्यवस्था डगमगा चुकी है। उन्होंने कहा कि एसआईआर प्रक्रिया से देश के करोड़ों नागरिकों को वोट के अधिकार से दूर किया जा रहा है, हमारी सुप्रीम कोर्ट से मांग है कि इस विषय को गंभीरता से संज्ञान में लें। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के प्रति जन-जन में आक्रोश है। वहीं जेजेपी प्रदेश अध्यक्ष बृज शर्मा ने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि सभी घर-घर जाकर महेंद्रगढ़ रैली का न्यौता दें और जन-जन को जेजेपी की जनहितैषी नीतियों से अवगत करवाए। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं की मेहनत से जेजेपी महेंद्रगढ़ में ऐतिहासिक रैली करेगी।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement