Advertisement
299वें स्थापना दिवस पर रोशनी से नहाया जयपुर, 11 हजार दीपकों से जगमगाया स्टेच्यू सर्किल

स्थापना दिवस समारोह की शुरुआत गंगापोल गेट पर प्रथम पूज्य भगवान गणेश की पूजा-अर्चना के साथ हुई। महापौर सुनील कोठारी एवं जयपुर शहर सांसद मंजू शर्मा ने विधि-विधान से पूजन कर शहर की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर महापौर ने सभी जयपुरवासियों को 299वें स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में विधायक बालमुकुंदाचार्य, उपमहापौर सरोज कंवर तथा पार्षद विमल अग्रवाल, प्रतिभा शर्मा, कविता शर्मा, सुभाष संघी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं पार्षद मौजूद रहे।
समारोह के दौरान हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की गई। आसमान से बरसती गुलाब की पंखुड़ियों ने आमजन को रोमांचित कर दिया। इसके बाद महापौर सुनील कोठारी ने गोविंददेवजी मंदिर पहुंचकर दर्शन एवं पूजन किया। इस दौरान कलाकारों ने आकर्षक कथक नृत्य की प्रस्तुति देकर सांस्कृतिक रंग बिखेरे।
11 हजार दीपों की रोशनी से जगमगाया स्टेच्यू सर्किल
स्थापना दिवस का मुख्य सांस्कृतिक आयोजन स्टेच्यू सर्किल पर हुआ। राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। गायत्री परिवार के सदस्यों ने मंत्रोच्चारण के साथ दीप प्रज्ज्वलन किया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी, सांसद मंजू शर्मा, राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवाड़ी, महापौर सुनील कोठारी, उपमहापौर सरोज कंवर, नगर निगम आयुक्त ओम कसेरा, अतिरिक्त आयुक्त नरेंद्र कुमार बंसल सहित पार्षद, जनप्रतिनिधि एवं निगम के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
स्टेच्यू सर्किल के चारों ओर आठ हाथियों पर शहनाई वादन की विशेष प्रस्तुति ने समारोह को आकर्षक स्वरूप दिया। कलाकारों ने लोकगीतों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किए। गायत्री परिवार की ओर से गायत्री मंत्र का उच्चारण किया गया। इसके साथ ही हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा ने आयोजन की भव्यता बढ़ाई।
आतिशबाजी से रोशन हुआ आसमान, विदेशी पर्यटकों ने भी लिया आनंद
स्टेच्यू सर्किल पर 11 हजार इलेक्ट्रॉनिक एवं मिट्टी के दीपक जलाए गए, जिससे पूरा परिसर दीपों की रोशनी से जगमगा उठा। इस अवसर पर 'जयपुर अखिल विश्व से न्यारा' गीत की प्रस्तुति भी दी गई। भव्य आतिशबाजी से आसमान रोशनी से नहा उठा। रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों, शहनाई वादन और आतिशबाजी ने जयपुरवासियों को मंत्रमुग्ध कर दिया। समारोह में शामिल विदेशी पर्यटकों ने भी जयपुर की सांस्कृतिक विरासत और उत्सव का आनंद लिया।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे
Advertisement
जयपुर
Advertisement
राजस्थान से
सर्वाधिक पढ़ी गई
Advertisement
Traffic
Features


