Advertisement
राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े ने औद्योगिक विकास एवं निवेश संवर्धन पर दिया जोर, कहा—नीमराणा वैश्विक औद्योगिक पहचान की ओर अग्रसर

राज्यपाल बागड़े ने अपने संबोधन में कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार औद्योगिक विकास और निवेश संवर्धन को गति देने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में आधुनिक विनिर्माण तकनीकों को प्रोत्साहित करने तथा निवेश संबंधी योजनाओं को धरातल पर लागू करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नीमराणा निरंतर औद्योगिक क्षेत्र में अपनी पहचान मजबूत कर रहा है और वैश्विक औद्योगिक परिदृश्य में महत्वपूर्ण स्थान की ओर अग्रसर है।
राज्यपाल ने भारत-जापान आर्थिक संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि जापानी उद्योगों एवं निवेश को बढ़ावा देने, औद्योगिक साझेदारी को विस्तार देने तथा उत्पादों के आयात-निर्यात को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। आधुनिक तकनीक, निवेश और पारस्परिक सहयोग के माध्यम से औद्योगिक क्षेत्र में नई संभावनाओं का सृजन किया जा सकता है। उन्होंने भारत में बुलेट ट्रेन सहित विभिन्न क्षेत्रों में जापान द्वारा दिए जा रहे सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
राज्यपाल बागड़े ने भारत और जापान के ऐतिहासिक संबंधों तथा दोनों देशों की संघर्ष और विकास यात्रा का उल्लेख करते हुए आर्थिक प्रगति, तकनीकी नवाचार और औद्योगिक विस्तार में आपसी सहयोग के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने भारतीय इतिहास, संस्कृति, नैतिक मूल्यों, समृद्ध परंपराओं और शिक्षा को देश की महत्वपूर्ण धरोहर बताते हुए इनके संरक्षण एवं संवर्धन पर बल दिया। उन्होंने सभी से समन्वय और सहयोग के साथ विकास की राह पर आगे बढ़ने तथा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए ‘देश प्रथम’ की भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
उद्योगों एवं संस्थाओं को किया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े ने नीमराणा एवं कोटपूतली-बहरोड़ जिले के औद्योगिक विकास में उल्लेखनीय योगदान देने वाले उद्योगों, संस्थाओं एवं विशिष्ट व्यक्तित्वों को विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित किया। सम्मान समारोह में नीमराणा में स्थापित शुरुआती उद्योगों, जापानी औद्योगिक क्षेत्र के प्रारंभिक उद्योगों, रोजगार सृजन, महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण, पर्यटन एवं विरासत संरक्षण तथा औद्योगिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले उद्योगों एवं संस्थाओं को सम्मान प्रदान किए गए। इस अवसर पर राज्यपाल ने ‘नीमराणा दर्पण’ पुस्तिका का विमोचन भी किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर राज्यपाल का गार्ड ऑफ ऑनर के साथ स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। राज्यपाल ने विश्वविद्यालय परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
ये रहे उपस्थित : कार्यक्रम में जिला कलेक्टर अपर्णा गुप्ता, जिला पुलिस अधीक्षक सतवीर सिंह, नीमराणा औद्योगिक संगठन के अध्यक्ष कृष्ण गोपाल कौशिक, द टाइम्स ऑफ इंडिया के निदेशक अनुराग अग्रवाल, एनआईआईटी के मुख्य परिचालन अधिकारी एवं डीन मेजर जनरल ए.के. सिंह, डाइकिन के निदेशक सुदीप भट्टाचार्य, निप्पॉन स्टील के प्रबंध निदेशक तानिडा, कार्यक्रम समन्वयक निर्मल रस्तोगी सहित विभिन्न उद्योगों के प्रतिनिधि, उद्योगपति एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे
Advertisement
कोटपूतली-बहरोड
Advertisement
राजस्थान से
सर्वाधिक पढ़ी गई
Advertisement
Traffic
Features


