Former Punjab DSP Gurmeet Singh convicted in 32-year-old kidnapping case; sentencing set for November 12-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:32 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

32 साल पुराने अपहरण मामले में पंजाब के पूर्व डीएसपी गुरमीत सिंह दोषी करार, 12 नवंबर को सुनाई जाएगी सजा

khaskhabar.com: बुधवार, 11 नवम्बर 2026 5:12 PM (IST)
32 साल पुराने अपहरण मामले में पंजाब के पूर्व डीएसपी गुरमीत सिंह दोषी करार, 12 नवंबर को सुनाई जाएगी सजा
-1992 में लुधियाना के होटल से अमरीक सिंह का हुआ था अपहरण, सीबीआई कोर्ट ने एक आरोपी को किया बरी, तीन की मौत के बाद खत्म हुई कार्यवाही मोहाली। पंजाब में करीब 32 साल पुराने अपहरण मामले में सीबीआई की विशेष अदालत ने बड़ा फैसला सुनाया है। मोहाली स्थित सीबीआई कोर्ट ने बुधवार को पंजाब पुलिस के तत्कालीन डीएसपी गुरमीत सिंह को अमरीक सिंह के अपहरण मामले में दोषी करार दिया। अदालत दोषी की सजा की अवधि पर 12 नवंबर को फैसला सुनाएगी। यह मामला वर्ष 1992 का है, जब अमरीक सिंह का 25 नवंबर को लुधियाना के होटल अमलताश से कथित तौर पर अपहरण कर लिया गया था। आरोप था कि पंजाब पुलिस की एक टीम ने इस वारदात को अंजाम दिया था, जिसका नेतृत्व तत्कालीन डीएसपी गुरमीत सिंह कर रहे थे।
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद शुरू हुई थी जांच
यह मामला अमरीक सिंह के बेटे देविंदर सिंह के हलफनामे के बाद सामने आया था। उन्होंने अपने पिता के अपहरण की जानकारी देते हुए न्याय की मांग की थी। इसके बाद सुप्रीम कोर्ट ने 15 नवंबर 1995 को मामले में आदेश जारी किया, जिसके आधार पर जांच की प्रक्रिया शुरू हुई।
शुरुआत में प्रारंभिक जांच दर्ज की गई और बाद में 23 फरवरी 2000 को नियमित मामला दर्ज किया गया। जांच पूरी होने के बाद सीबीआई ने 27 नवंबर 2001 को पांच पुलिस अधिकारियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की थी।
पांच पुलिस अधिकारियों पर लगे थे आरोप
सीबीआई की चार्जशीट में तत्कालीन डीएसपी गुरमीत सिंह, डीएसपी परमिंदरजीत सिंह, एसएचओ सुबा सिंह, एसआई सुरिंदर सिंह और एएसआई जसवंत सिंह को आरोपी बनाया गया था। मामले में 15 अप्रैल 2004 को आरोप तय किए गए थे।
लंबी सुनवाई और ट्रायल के बाद अदालत ने तत्कालीन डीएसपी गुरमीत सिंह को विभिन्न धाराओं के तहत दोषी ठहराया। वहीं, सह-आरोपी डीएसपी परमिंदरजीत सिंह को बरी कर दिया गया है। तीन अन्य आरोपियों एसएचओ सुबा सिंह, एसआई सुरिंदर सिंह और एएसआई जसवंत सिंह की मृत्यु हो जाने के कारण उनके खिलाफ कार्यवाही समाप्त कर दी गई।
12 नवंबर को तय होगी सजा
करीब तीन दशक से अधिक समय तक चले इस मामले में अब दोषसिद्धि के बाद सजा का इंतजार है। अदालत 12 नवंबर को दोषी गुरमीत सिंह की सजा की अवधि निर्धारित करेगी। लंबे समय बाद आए इस फैसले से पीड़ित परिवार को न्याय मिलने की उम्मीद जगी है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement