Five-member family of Bangladeshi origin discovered in Ajmers Dargah area; total number of such individuals identified in the district reaches 66-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:39 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

अजमेर दरगाह क्षेत्र से बांग्लादेशी मूल का पांच सदस्यीय परिवार दस्तयाब, जिले में अब तक 66 की पहचान

khaskhabar.com: शुक्रवार, 13 नवम्बर 2026 8:50 PM (IST)
अजमेर दरगाह क्षेत्र से बांग्लादेशी मूल का पांच सदस्यीय परिवार दस्तयाब, जिले में अब तक 66 की पहचान
-पुलिस की 28वीं कार्रवाई, 2007 में हिली बॉर्डर से अवैध रूप से भारत आने का दावा, 2009-10 से अजमेर में रह रहा था परिवार अजमेर। राजस्थान में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों की पहचान और निष्कासन के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अजमेर जिला पुलिस ने एक और कार्रवाई की है। पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स और सीआईडी जोन की संयुक्त टीम ने दरगाह क्षेत्र से बांग्लादेशी मूल के पांच सदस्यीय परिवार को दस्तयाब किया है। इनमें 63 वर्षीय माजिद अली, उसकी 55 वर्षीय पत्नी फरजान खान और उनके दो पुत्र तथा एक पुत्री शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, यह अभियान के तहत 28वीं कार्रवाई है। इस कार्रवाई के बाद जिले में अब तक दस्तयाब किए गए बांग्लादेशी नागरिकों की संख्या 66 हो गई है। पुलिस महानिदेशक राजस्थान राजीव कुमार शर्मा और अजमेर रेंज के महानिरीक्षक डॉ. रवि के निर्देशानुसार अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों की पहचान के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक अजमेर हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर एवं मुख्यालय हिमांशु जांगिड़ के मार्गदर्शन तथा वृत्ताधिकारी दरगाह हर्षित शर्मा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी। इसमें सीआईडी जोन अजमेर को भी शामिल किया गया।
दरगाह क्षेत्र के कई इलाकों में चलाया तलाशी अभियान
पुलिस टीम ने मुखबिरों से मिली सूचनाओं, तकनीकी साधनों और अन्य जानकारियों के आधार पर दरगाह क्षेत्र में संदिग्ध ठिकानों की तलाश शुरू की। इसके तहत दरगाह बाजार, जालियान कब्रिस्तान, अंदरकोट, नई सड़क, तारागढ़ की पहाड़ी, सिलावट मोहल्ला, बड़े पीर का चिल्ला, लंगर खाना गली, चश्मा-ए-नूर तारागढ़, त्रिपोलिया गेट, सोहले खम्भा, झालरा और लाखन कोटड़ी सहित विभिन्न स्थानों पर जांच की गई।
इसी दौरान पुलिस ने पांच सदस्यीय परिवार की पहचान कर उसे दस्तयाब किया। पूछताछ में परिवार के मुखिया ने अपना नाम माजिद अली पुत्र उनाब अली, उम्र 63 वर्ष और मूल निवासी जोहरी मोहल्ला मोहम्मदपु, जिला ढाका, बांग्लादेश बताया। उसके साथ पत्नी फरजान खान और तीन बच्चे भी मिले।
2007 में हिली बॉर्डर से भारत आने की बात कबूली
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में माजिद अली ने बताया कि वर्ष 2006 में उसका निकाह बांग्लादेश निवासी फरजान खान से हुआ था। इसके बाद वर्ष 2007 में वह पत्नी के साथ पश्चिम बंगाल के हिली बॉर्डर से अवैध रूप से भारत में दाखिल हुआ। दोनों ट्रेन से दिल्ली पहुंचे और करीब दो वर्ष तक वहां खानाबदोश के रूप में जीवनयापन किया।
माजिद के मुताबिक, वर्ष 2009-10 में वे अजमेर पहुंचे और दरगाह शरीफ क्षेत्र में रहने लगे। शुक्रवार 13 नवंबर को दरगाह थाना पुलिस और सीआईडी जोन की टीम ने परिवार को दस्तयाब कर पुलिस थाने लाकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, माजिद ने स्वयं को बांग्लादेशी नागरिक बताते हुए अवैध रूप से सीमा पार कर भारत आने की बात स्वीकार की है।

परिवार के सदस्यों की पहचान और दस्तावेजों की जांच जारी

पुलिस अब परिवार के सभी सदस्यों की पहचान, नागरिकता और भारत में रहने से संबंधित तथ्यों की गहनता से जांच कर रही है। मामले में अन्य आवश्यक कानूनी प्रक्रियाएं भी पूरी की जा रही हैं।
इस कार्रवाई में वृत्ताधिकारी दरगाह हर्षित शर्मा, दरगाह थानाधिकारी दिनेश जीवनानी, सीआईडी जोन अजमेर के निरीक्षक नरेंद्र कुमार शर्मा, हेड कांस्टेबल सुमेर कुमार, डीएसबी अजमेर की हेड कांस्टेबल विमला देवी तथा कांस्टेबल मुकेश, नाथूराम और सुमेर सिंह शामिल रहे। पुलिस ने कांस्टेबल मुकेश, नाथूराम और सुमेर सिंह के विशेष योगदान का उल्लेख किया है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement