आंखों की जांच में काम आने वाली स्कैन मशीनें भी रजिस्टर्ड होगी
khaskhabar.com: गुरुवार, 04 अगस्त 2016 11:37 PM (IST)
जयपुर। भ्रूण की जांच को रोकने के लिए अब आंखों की जांच के काम आने वाली बी-स्कैन मशीनों को भी पीसीपीएनडीटी एक्ट में रजिस्ट्रेशन किया जाएगा। यह फैसला गुरुवार को भ्रूण लिंग चयन प्रतिषेध अधिनियम-1994 के तहत् गठित राज्य सलाहकार समिति की स्वास्थ्य भवन में आयोजित बैठक में लिया गया।
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री राजेन्द्र राठौड़ ने नेत्र जांच की बी-स्कैन मशीन के बारे में विशेषज्ञों से प्राप्त सुझावों का चिकित्सीय एवं विधिक विशेषज्ञों से परामर्श उपरांत बी-स्कैन मशीनों का पीसीपीएनडीटी एक्ट के प्रावधानों के अनुसार पंजीयन कराने सहित अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार यथाशीघ्र आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिये।
बैठक में राज्य सलाहकार समिति की सदस्य डॉ.मीना आसोपा व श्री लोकेश कुमार तिवाड़ी, निदेशक आरसीएच डॉ.वी.के.माथुर, एसएमएस हॉस्पिटल के स्त्री रोग विभागाध्यक्ष डॉ.बी.एस.मीणा, पैथालॉजी विभागाध्यक्ष डॉ.कुसुम माथुर व रेडियो डायग्नोस्टिक के प्रोफेसर कुलदीप मेहंदीरत्ता, जेकेलॉन हॉस्टिल के शिशु रोग विभाग के डॉ.सीतारमन सहित विधिक परामर्शी एवं संबंधित अधिकारीगण मौजूद थे।