Diya Kumari stated that sports help hone talent, self-confidence, and leadership abilities.-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:48 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

दिया कुमारी ने कहा— खेलों से निखरती है प्रतिभा, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता

khaskhabar.com: शनिवार, 24 अक्टूबर 2026 2:12 PM (IST)
दिया कुमारी ने कहा— खेलों से निखरती है प्रतिभा, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता
अजमेर। उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने आज अजमेर स्थित चंद्रवरदाई स्टेडियम में विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान, दिल्ली की ओर से आयोजित 37वीं अखिल भारतीय हॉकी प्रतियोगिता में शिरकत कर युवा खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। वहीं उन्होंने खिलाड़ियों की खेल प्रतिभा, अनुशासन, टीम भावना और समर्पण की सराहना की। इस दौरान उपमुख्यमंत्री ने हॉकी थामकर प्रतियोगिता की विधिवत शुरुआत की । इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा कि हॉकी प्रतियोगिता में आकर उन्हें बहुत अच्छा लगा। टूर्नामेंट को लेकर बच्चों में काफी उत्साह देखने को मिला। इस तरह के आयोजनों से खिलाड़ियों की प्रतिभा सामने आती है और उन्हें अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खेलो इंडिया के माध्यम से खेलों को काफी बढ़ावा दिया है। राज्य सरकार भी खेलों और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। दिया कुमारी ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलों से न केवल शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर होता है, बल्कि आत्मविश्वास, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का भी विकास होता है। ऐसी प्रतियोगिताएं युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ने और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने के अवसर प्रदान करती हैं।
इस अवसर पर अजमेर दक्षिण विधायक श्रीमती अनीता भदेल जी, देवनारायण बोर्ड के अध्यक्ष श्री ओमप्रकाश भड़ाना जी, विद्या भारती मंत्री श्री सुरेंद्र अरोड़ा जी, विद्या भारती जिला अध्यक्ष श्री ओम प्रकाश जी, पर्यवेक्षक श्री कैलाश धननगर जी, श्री नवीन जी झा, प्रेम शंकर जी, श्री सत्यनारायण जी, श्री संजय शर्मा जी, श्री राजेंद्र सिंह जी, बालक-बालिकाएं एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement