भिवानी। चिरंजीव कॉलोनी में किराये के मकान के अंदर रह रहे प्रवासी मजदूरों ने बताया कि यहां पर एक एक कमरे के अंदर 15 से 20 प्रवासी मजदूर रह रहे हैं। वीरवार को जब एक प्रवासी मजदूर गैस सिलेंडर पर खाना पका रहा था तो इसी दौरान सिलेंडर में आग लग गई। हड़बड़ाहट में कमरे के अंदर मौजूद सभी प्रवासी मजदूर बाहर दौड़ पड़े और देखते ही देखते आग की लपटों ने पूरे कमरे को ही अपने आगोश में ले लिया। वही थोड़ी ही देर बाद तेज धमाके के साथ गैस सिलेंडर फट गया और इसी के साथ कमरे की छत भी भरभराकर जमींदोज हो गई। हालांकि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआए मगर तेज धमाके के साथ गैस सिलेंडर फटने की घटना से आसपास के मकानों की दीवारें भी थरर्रा उठी।
गैस सिलेंडर फटने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाडियां भी मौके पर पहुंची और आगजनी पर काबू पाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। वही इस हादसे से क्षेत्र के लोग भी सहमे हुए हैं। घटना की सूचना पुलिस को भी दी गई है। चिरंजीव कॉलोनी में अधिकांश प्रवासी मजदूर रह रहे हैं जो छोटे से कमरे में 15 से 20 की संख्या में रहते हैं और यही पर खाना बनाते हैं और आराम करते हैं।