दौसा/जयपुर। मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे ने कहा कि भाजपा का नारा है सबका साथ-सबका विकास और कांग्रेस अपना हाथ-अपना विकास के मंत्र की अवधारणा पर काम करती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने 60 सालों में देश और प्रदेश का नहीं स्वयं का ही विकास किया। देश एवं प्रदेश के विकास पर ध्यान देने की जगह कांग्रेस ने अपने विकास पर ही ध्यान दिया। हमने अपने शासनकाल में जिस तरह काम किया, वैसा काम अगर 60 सालों में हुआ होता तो आज प्रदेश सबसे अग्रणी राज्यों में शामिल होता। श्रीमती राजे आपका जिला आपकी सरकार कार्यक्रम के दूसरे दिन सोमवार को पीजी काॅलेज दौसा में विकास कार्यों का लोकार्पण तथा शिलान्यास करने के बाद उपस्थित जनसमुदाय को सम्बोधित कर रही थीं मुख्यमंत्री ने कहा कि बीपीएल कार्ड पर कार्ड धारकों के स्वास्थ्य संबंधी सम्पूर्ण जानकारी अंकित की जाएगी। जिससे दुर्घटना या आपात स्थिति में चिकित्सक उस कार्ड को देखकर उसकी बीमारी के बारे में जान सके और उसका तुरंत इलाज शुरू कर सके। श्रीमती राजे ने प्रधानमंत्री के स्वच्छ भारत के सपने को साकार करने का उल्लेख करते हुए कहा कि आने वाले 2 अक्टूबर को हम पूरे राजस्थान में सफाई अभियान चलाएंगे। उन्होंने सभी प्रदेशवासियों से अपने गांव और शहर को स्वच्छ बनाकर समूचे प्रदेश को स्वच्छ बनाने के इस अभियान में योगदान देेने की अपील की। 2 अक्टूबर से ही ग्राम पंचायत स्तर पर कैम्प आयोजित किए जाएंगे, जिनमें रास्तों के विवाद सुलझाए जाएंगे। श्रीमती राजे ने कहा कि हमारी सरकार ने ढाई वर्षों में दौसा जिले कों 1770 करोड़ रुपये की सौगात दी है। सोमवार को100 करोड़ रुपए से अधिक कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया है। इसके अलावा करीब 750 करोड़ रुपये के विकास कार्य दौसा जिले में हमारे इस कार्यकाल में चल रहे हैं।