फरीदाबाद। केंद्रीय सरकार की बाल चित्र समिति की ओर से सभी जिलों में आगामी 21 अक्टूबर से 16 नवंबर तक चिल्ड्रंस बोनान्जा कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान छात्र छात्राओं को मनोरंजक और ज्ञानवर्धक संबंधी लघु फिल्में दिखाई जाएंगी। इसकी तैयारियों को लेकर उपायुक्त चंद्रशेखर ने बुधवार को अहम बैठक ली। बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त एवं फरीदाबाद के एसडीएम जितेंद्र दहिया, हुडा प्रशासक यशेंद्र सिंह, बल्लबगढ़ के एसडीएम पार्थ गुप्ता, नगराधीश सतवीर मान और उक्त समिति के वितरण अधिकारी डीएस नेगी भी मौजूद रहे। चंद्रशेखर ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि इस चिल्ड्रंस फिल्म बोनान्जा के लिए जिले में निर्धारित की गई छह दिवसीय अवधि के दौरान शहरी क्षेत्र के सरकारी व निजी स्कूलों के बच्चों को एस आर एस, क्राउन प्लाजा ,सिटी मॉल, आईनोक्स, पीवीआर थिएटर्स, नीलम सिनेमा और आकाश सिनेमा बल्लभगढ़ में ज्ञानवर्धक और मनोरंजन पूर्ण फिल्में दिखाई जाएंगी। बैठक में शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल कल्याण परियोजना, बाल विकास परिषद, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग और कराधान विभाग के संबंधित अधिकारी और संबंधित थिएटरों के प्रबंधक भी मौजूद रहे।