Congress Launches Save the Vote, Save the Nation Campaign in Haryana; Raises Issues of Vote Theft Through Village-Level Public Meetings-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:39 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

हरियाणा में कांग्रेस ने शुरू की ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ मुहिम, गांव-गांव चौपाल लगाकर उठाए वोट चोरी के मुद्दे

khaskhabar.com: गुरुवार, 12 नवम्बर 2026 5:11 PM (IST)
हरियाणा में कांग्रेस ने शुरू की ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ मुहिम, गांव-गांव चौपाल लगाकर उठाए वोट चोरी के मुद्दे
-फरीदाबाद के अनंगपुर गांव में हुई पहली चौपाल, कृष्णा तीरथ रहीं मुख्य अतिथि; संजय दत्त और राव नरेंद्र सिंह ने भाजपा व चुनाव आयोग पर साधा निशाना फरीदाबाद। लोकतंत्र की रक्षा और मतदाताओं के अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से कांग्रेस ने हरियाणा में ‘वोट बचाओ–देश बचाओ अभियान’ के तहत गांव-गांव चौपालों का आयोजन शुरू कर दिया है। इस अभियान के जरिए कांग्रेस मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं, वोट चोरी और विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के मुद्दों को जनता के बीच उठाएगी। इसी कड़ी में फरीदाबाद के बड़खल विधानसभा क्षेत्र के अनंगपुर गांव में चौपाल आयोजित की गई। हरियाणा कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त के मार्गदर्शन और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं अभियान प्रभारी कृष्णा तीरथ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।
अभियान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी और संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल के दिशा-निर्देशानुसार चलाया जा रहा है।
मतदाता सूची और SIR को लेकर उठाए सवाल
चौपाल में कांग्रेस नेताओं ने वोट चोरी, मतदाता सूचियों में कथित अनियमितताओं और SIR को लेकर चर्चा की। नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत जनता का वोट है। चुनाव आयोग की जिम्मेदारी है कि मतदाता सूची में पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता बनी रहे। किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से नहीं कटना चाहिए और किसी अपात्र व्यक्ति का नाम शामिल नहीं होना चाहिए।
कांग्रेस नेताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की भूमिका पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता को लेकर उठ रहे सवालों का चुनाव आयोग को जवाब देना चाहिए। कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त को पद से हटाने की मांग को लेकर अपना संघर्ष जारी रखने की बात कही।
हर जिले से गांव तक पहुंचाया जाएगा अभियान: संजय दत्त
हरियाणा कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त ने कहा कि राहुल गांधी लगातार वोट चोरी और चुनावी प्रक्रिया में कथित हेराफेरी से जुड़े सवाल उठा रहे हैं। हरियाणा में पिछले विधानसभा चुनाव के जनादेश को लेकर भी कांग्रेस ने गंभीर सवाल उठाए हैं।
उन्होंने कहा कि ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा का जनसंघर्ष है। इसे हरियाणा के प्रत्येक जिले, विधानसभा क्षेत्र, ब्लॉक और गांव तक पहुंचाया जाएगा।
संजय दत्त ने भाजपा के ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा अपने शासन की विफलताओं से जनता का ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने बेरोजगारी, महंगाई और कानून-व्यवस्था को लेकर भी प्रदेश सरकार पर सवाल उठाए।
जनता का वोट लोकतंत्र की बुनियाद: राव नरेंद्र सिंह
हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि लोकतंत्र की बुनियाद जनता का वोट है। इसी अधिकार के माध्यम से सरकारें बनती और बदलती हैं। यदि मतदाता के अधिकारों के साथ खिलवाड़ होता है तो यह संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था पर हमला है।
उन्होंने भाजपा सरकार पर बेरोजगारी, महंगाई और कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दों पर विफल रहने का आरोप लगाया। राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और इस अभियान को प्रदेश के कोने-कोने तक पहुंचाया जाएगा।
कृष्णा तीरथ ने कार्यकर्ताओं से किया घर-घर पहुंचने का आह्वान
पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं अभियान प्रभारी कृष्णा तीरथ ने कहा कि मतदान का अधिकार लोकतंत्र की आत्मा है। प्रत्येक नागरिक के इस अधिकार की रक्षा करना सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि वोट चोरी लोकतंत्र की बुनियाद पर चोट है।
उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और घर-घर जाकर लोगों को उनके मताधिकार के प्रति जागरूक करने तथा पात्र मतदाताओं के नाम सूची से हटाए जाने की स्थिति में आवाज उठाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में जिला कांग्रेस अध्यक्ष बलजीत कौशिक, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी विजय प्रताप, पूर्व प्रत्याशी रोहित नागर, माइनॉरिटी सेल के चेयरमैन अब्दुल गफार कुरैशी, ब्लॉक अध्यक्ष राकेश छपराना सहित कांग्रेस के अनेक वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement