khaskhabar.com: शनिवार, 06 अगस्त 2016 9:32 PM (IST)
भरतपुर । प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष विश्वेंद्र सिंह ने आरोप लगाया है कि भरतपुर में भारतीय जनता पार्टी के नेता अपनी जमीन खिसकती देख बौखला रहे है। एक प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि जनता भाजपा सरकार से ऊब चुकी है इसलिए उन्होंने कांग्रेस नेता से उद्घाटन करने की इच्छा जाहिर की थी । उन्होंने कहा कि यदि सरकार को पुलिस में मामले दर्ज कराने है तो सचिन पायलट और विश्वेन्द्र सिंह के खिलाफ कराये ना कि स्थानीय कार्यकर्ताओं के खिलाफ।
इसके अलावा उन्होंने कहा कि भरतपुर धौलपुर जाट आरक्षण संघर्ष समिति ने संयोजक नेम सिंह फौजदार के नेतृत्व और विश्वेन्द्र सिंह के निर्देशन में दोनों जिलों के जाटों को आरक्षण के मसले पर आंदोलन किया है और सरकार के साथ हुए समझौते के बाद ओबीसी आयोग का गठन हुआ है लेकिन आज सरकार आंदोलन के दौरान हुए अपने समझौते से मुकर रही है इसलिए सरकार को अपने वायदे पूरे करने चाहिए जिससे जाट समाज फिर से आंदोलन करने को मजबूर नहीं हो । इस अवसर पर भरतपुर धौलपुर जाट आरक्षण संघर्ष समिति के संयोजक नेम सिंह फौजदार, लाखन हिंगोली, राजाराम सिनसिनी, यूपी प्रधान शेर सिंह धनागढ़, कांग्रेस के जिला अध्यक्ष शेर सिंह सूपा, पार्षद संजय शुक्ला मौजूद रहे।