Big action of ACB in Banswara: 2 brokers including senior assistant of Tehsil office arrested red handed taking bribe-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:38 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

बांसवाड़ा में ACB की बड़ी कार्रवाई : तहसील कार्यालय के वरिष्ठ सहायक सहित 2 दलाल 4,000 रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

khaskhabar.com: सोमवार, 24 अगस्त 2026 4:41 PM (IST)
बांसवाड़ा में ACB की बड़ी कार्रवाई : तहसील कार्यालय के वरिष्ठ सहायक सहित 2 दलाल 4,000 रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
जयपुर / बांसवाड़ा। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की बांसवाड़ा इकाई ने सोमवार को कार्रवाई करते हुए तहसील कार्यालय बागीदौरा में पदस्थापित वरिष्ठ सहायक योगेन्द्र सिंह भाटी और उसके लिए रिश्वत की रकम लेने वाले दो निजी व्यक्तियों (दलालों) रतनसिंह व विठ्ठल को 4,000 रुपये की रिश्वत राशि लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। आरोपी गृह ऋण (होम लोन) से जुड़ी फाइलों को सब-रजिस्ट्रार कार्यालय से रजिस्टर्ड मॉर्टगेज करवाकर उपलब्ध कराने की एवज में रिश्वत की मांग कर रहे थे। परिवादी ने एसीबी चौकी बांसवाड़ा में शिकायत दर्ज कराई थी कि वह एक फाइनेंस कंपनी में कार्यरत है, जिसके माध्यम से ग्राहकों को गृह ऋण स्वीकृत किया जाता है। ऋण स्वीकृति से पहले आवेदकों की रजिस्ट्री को सब-रजिस्ट्रार कार्यालय से रजिस्टर्ड मॉर्टगेज करवाना अनिवार्य होता है। तहसील कार्यालय बागीदौरा का वरिष्ठ सहायक योगेन्द्र सिंह भाटी दो फाइलों को रजिस्टर्ड मॉर्टगेज करवाकर पत्रावलियां सौंपने के बदले रिश्वत की मांग कर परेशान कर रहा था। सत्यापन के दौरान 4,000 रुपये में तय हुआ सौदा
शिकायत मिलने पर एसीबी द्वारा गोपनीय सत्यापन करवाया गया।
सत्यापन में पुष्टि: सत्यापन के दौरान आरोपी वरिष्ठ सहायक ने दोनों पत्रावलियों के एवज में 2,500 रुपये प्रति फाइल के हिसाब से कुल 5,000 रुपये की मांग की। बाद में बातचीत के दौरान 500-500 रुपये कम करते हुए कुल 4,000 रुपये रिश्वत लेने पर सहमति बनी।
जाल बिछाकर दलालों सहित दबोचा, आवास की भी तलाशी
रिश्वत मांग की पुष्टि के बाद, एसीबी उप महानिरीक्षक पुलिस डॉ. रामेश्वर सिंह के सुपरविजन और उप अधीक्षक पुलिस रतन सिंह राजपुरोहित के नेतृत्व में ट्रैप रचा गया।
ट्रैप के दौरान आरोपी योगेन्द्र सिंह भाटी ने परिवादी को 4,000 रुपये की रिश्वत राशि अपने परिचित रतनसिंह (दलाल) को देकर विठ्ठल (दलाल) तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
जैसे ही रतनसिंह ने यह रिश्वत राशि विठ्ठल को सौंपी, एसीबी टीम ने घेराबंदी कर मौके से रिश्वत की रकम बरामद कर ली और योगेन्द्र सिंह भाटी सहित दोनों दलालों रतनसिंह व विठ्ठल को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
एसीबी टीम द्वारा आरोपी वरिष्ठ सहायक के निवास स्थान की भी सघन तलाशी ली जा रही है। आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान शुरू कर दिया गया है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement