Banswara Election Violence, Chhoti Sarwa Panchayat Samiti, Baori Ninama Polling Booth Attack-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:33 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

बांसवाड़ा में सरपंच चुनाव परिणाम के बाद भड़का बवाल, हारे हुए प्रत्याशी के समर्थकों ने पोलिंग पार्टी पर बोला जानलेवा हमला

khaskhabar.com: मंगलवार, 17 नवम्बर 2026 09:10 AM (IST)
बांसवाड़ा में सरपंच चुनाव परिणाम के बाद भड़का बवाल, हारे हुए प्रत्याशी के समर्थकों ने पोलिंग पार्टी पर बोला जानलेवा हमला
जोनल मजिस्ट्रेट की गाड़ी को लगाई आग, पथराव में कई कर्मचारी घायल, कुशलगढ़ SDM और भारी पुलिस बल ने संभाला मोर्चा बांसवाड़ा। बांसवाड़ा जिले की छोटी सरवा पंचायत समिति क्षेत्र के बावड़ी निनामा मतदान केंद्र पर सरपंच चुनाव के नतीजे घोषित होते ही जमकर बवाल और हिंसा हो गई। चुनाव में महज 32 वोटों के अंतर से हार का सामना करने वाले प्रत्याशी ललित कुमार के समर्थकों ने आक्रोशित होकर मतदान केंद्र और पोलिंग पार्टी पर हमला बोल दिया। उपद्रवियों ने जोनल मजिस्ट्रेट के सरकारी वाहन को आग के हवाले कर दिया तथा बस व अन्य वाहनों में जमकर तोड़फोड़ की। 32 वोटों से हार की घोषणा होते ही बेकाबू हुई भीड़, पथराव में मतदान कर्मी घायल
जोनल मजिस्ट्रेट की गाड़ी फूंकी, बस के शीशे तोड़े: जानकारी के अनुसार, मतगणना पूरी होने के बाद जैसे ही प्रत्याशी ललित कुमार के 32 मतों से हारने की आधिकारिक घोषणा की गई, उनके समर्थक भड़क उठे और बेकाबू हो गए। आक्रोशित भीड़ ने मतदान दल (पोलिंग पार्टी) पर पथराव और मारपीट शुरू कर दी, जिसमें कई मतदान कर्मचारियों को चोटें आई हैं। इसी दौरान उपद्रवियों ने बूथ परिसर में खड़ी जोनल मजिस्ट्रेट की गाड़ी में आग लगा दी, जिससे वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गया। इसके अलावा वहां खड़ी बस के कांच फोड़ डाले गए और अन्य वाहनों में भी तोड़फोड़ की गई।
कुशलगढ़ SDM ने संभाली कमान, पुलिस ने दबिश देकर उपद्रवियों को लिया हिरासत में
मौके पर पहुंचा भारी पुलिस जाब्ता: मतदान केंद्र पर आगजनी और हमले की सूचना मिलते ही कुशलगढ़ उपखंड अधिकारी (SDM) मुकेश मीणा भारी पुलिस बल के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लेते हुए बल प्रयोग कर उपद्रवियों को मौके से खदेड़ा।
इलाके में पुलिस बल तैनात: घटना के बाद पुलिस ने इलाके में दबिश देकर आगजनी और उपद्रव में शामिल कई लोगों को हिरासत में लिया है। एसडीएम मुकेश मीणा ने बताया कि फिलहाल क्षेत्र में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए एहतियात के तौर पर अतिरिक्त पुलिस जाब्ता तैनात किया गया है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement