चित्तौडग़ढ़। विश्व बैंक का मानना है कि तीन महिनों में जिले का माहौल बदल गया है। हमने एक छोटी सी शुरूआत इस जिले के साथ की थी और उसके परिणाम बहुत ज्यादा उत्साहवर्धक आएं है। सम्पूर्ण जिला एकजुट होकर अपने लक्ष्य की ओर बढ रहा है। विश्व बैंक का एलएलआई समूह जिले में सीधे ही जुडा हुआ है जो कि विश्व स्तर पर किसी सामाजिक समस्या को जल्द खत्म करने का काम करता है।
विश्व बैंक के प्रतिनिधियों डॉ.अजय नरसिम्हा तेजस्वी,भावना भाटिया,प्रोनिता राय और दिव्या की उपस्थिति में सांसद,विधायक,जिला प्रमुख, जनप्रतिनिधि,अधिकारी,कर्मचारी सहित औद्योगिक घराने के प्रतिनिधियों ने सोमवार यहां आयोजित दो दिवसीय कार्यषाला के प्रथम दिन एकजुट होकर जिले को 31 दिसम्बर तक खुले में शौच से मुक्त करने का संकल्प दोहराया।
विश्व बैंक के सहयोग से आयोजित दो दिवसीय कार्यशाला के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए सांसद सीपीजोशी ने कहा कि जिला जागरूकता के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ रहा है। मनुहार की मेवाडी परम्परा का पालन करते हुए इस अभियान में सभी लोगों को हम जोडे ताकि समय से पहले ही हम अपनी मंजिल पा सके। जिस देश के प्रधानमंत्री सडक पर झाडु लगाकर अपनी प्रतिबद्धता दिखा रहे है तो हम सब की भी जिम्मेदारी है कि हम अपना कर्तव्य निभाएं। सांसद जोशी ने कहा कि महिने में दो तीन बार जनप्रतिनिधि सभी का सहयोग लेकर अपने इलाके में स्वच्छता की अपील के लिए फेरी लगाएं तो स्वच्छता हमारी आदत का हिस्सा बन जायेगी।