The Meera Mahotsav will unfold over three days, showcasing a vibrant cultural tapestry-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:32 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

तीन दिन सजेगा मीरा महोत्सव का रंग, गरबा-घूमर से लेकर भक्ति रसोत्सव तक बिखरेगी सांस्कृतिक छटा

khaskhabar.com: बुधवार, 21 अक्टूबर 2026 5:36 PM (IST)
तीन दिन सजेगा मीरा महोत्सव का रंग, गरबा-घूमर से लेकर भक्ति रसोत्सव तक बिखरेगी सांस्कृतिक छटा
23 से 25 अक्टूबर तक श्रीनाथ गार्डन में होगा आयोजन, दुर्ग स्थित मीरा मंदिर में गूंजेंगे भक्ति के स्वर भव्य आयोजन की तैयारियों के बीच संस्थान की कार्यप्रणाली, पारदर्शिता और राजनीतिक प्रभाव को लेकर भी उठ रहे सवाल चित्तौड़गढ़।
भक्ति, संस्कृति और मेवाड़ की गौरवशाली विरासत को समर्पित मीरा महोत्सव इस बार 23 से 25 अक्टूबर तक आयोजित होगा। शहर के महाराणा प्रताप सेतु मार्ग स्थित श्रीनाथ गार्डन में तीन दिवसीय महोत्सव के दौरान गरबा, घूमर, कथक, रासलीला और भक्ति संगीत की आकर्षक प्रस्तुतियां होंगी। वहीं, दुर्ग स्थित ऐतिहासिक मीरा मंदिर में भक्ति रसोत्सव का आयोजन विशेष आकर्षण रहेगा।
मीरा स्मृति संस्थान के पदाधिकारियों ने बुधवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में महोत्सव के कार्यक्रमों की जानकारी साझा की। हालांकि, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की इस भव्य रूपरेखा के बीच संस्थान की डिजिटल सक्रियता, आय-व्यय की पारदर्शिता, स्थानीय कलाकारों को प्रोत्साहन और आयोजन में कथित राजनीतिक प्रभाव जैसे मुद्दे भी चर्चा का विषय बने हुए हैं।
*पहले दिन गुजराती गरबा, मेवाड़ी घूमर और बरसाना की होली का संगम*
23 अक्टूबर को 'लोकरंग चित्तौड़गढ़' के अंतर्गत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की रंगारंग शुरुआत होगी। जय अम्बे नवयुवक मंडल (गुजराती मोची समाज, चित्तौड़गढ़) द्वारा गुजराती गरबा, नटराज कला केंद्र द्वारा कथक तथा मेवाड़ महोत्सव समिति की ओर से गरबा-डांडिया रास की प्रस्तुति दी जाएगी।
उड़ान डांस अकादमी का घूमर नृत्य और आदि शक्ति ग्रुप का गरबा-डांडिया रास भी दर्शकों को आकर्षित करेगा। विक्की सैनी, रतन सालवी एवं ग्रुप द्वारा बरसाना थीम पर मेवाड़ी गरबा प्रस्तुत किया जाएगा।
'मेवाड़ विरासत' के अंतर्गत मेवाड़ सखी मंडल की प्रस्तुति, डी स्पेस की दिव्य रासलीला तथा ऋतु डांस अकादमी द्वारा राधा-कृष्ण फूलों की होली पर आधारित नृत्य विशेष आकर्षण रहेंगे।
*दूसरे दिन गणेश वंदना से सजेगी सांस्कृतिक संध्या*
24 अक्टूबर को कैलाश गंधर्व एवं सहयोगियों द्वारा गणेश वंदना और भक्ति संगीत की प्रस्तुति दी जाएगी। इसके अलावा रविंद्रनाथ टैगोर ग्रुप ऑफ कॉलेज की नृत्य प्रस्तुति होगी। मेवाड़ विश्वविद्यालय और चंद्रकला अकादमी ऑफ परफॉर्मिंग आर्ट्स, नई दिल्ली के कलाकार भी अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे।
*मीरा मंदिर में गूंजेंगे भक्ति के स्वर, भावनृत्य से साकार होगी कृष्ण भक्ति*
महोत्सव के अंतिम दिन 25 अक्टूबर को सुबह 8:15 बजे दुर्ग स्थित मीरा मंदिर में भक्ति रसोत्सव आयोजित होगा। इसमें कैलाश गंधर्व और दिल्ली की विधि शर्मा मीराबाई के भजनों की प्रस्तुति देंगे।
मेवाड़ यूनिवर्सिटी के साथ ही नई दिल्ली के कथक कलागुरु सदानंद विश्वास तथा बेंगलुरु के नाट्यश्री दिव्य भूषण एवं साथी कलाकारों द्वारा मीरा भावनृत्य की प्रस्तुति दी जाएगी।
इसी दिन रात्रि 8 बजे उत्तर मध्य सांस्कृतिक केंद्र प्रयागराज, पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र उदयपुर और उत्तर क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र पटियाला की प्रस्तुतियों के साथ महोत्सव की सांस्कृतिक छटा अपने चरम पर होगी।
*पत्रकार वार्ता में ये पदाधिकारी रहे मौजूद*
पत्रकार वार्ता के दौरान संस्थान के संरक्षक सत्यनारायण समदानी, कार्यवाहक अध्यक्ष डॉ. अर्जुन मुंदड़ा, समारोह संयोजक अनंत समदानी, सचिव राकेश मंत्री, कोषाध्यक्ष विनायक द्विवेदी, सह सचिव सुनील ढीलीवाल, क्षेत्रीय पार्षद भोलाराम प्रजापत, जयप्रकाश भटनागर, एडवोकेट विट्ठल पांडे और मनोज पारीक सहित अन्य मौजूद रहे।
*महोत्सव की चमक के बीच सवालों के घेरे में संस्थान की कार्यप्रणाली*
36 साल का सफर, लेकिन डिजिटल पहचान के नाम पर सिर्फ फेसबुक!
मीरा की भक्ति और मेवाड़ की सांस्कृतिक विरासत को जन-जन तक पहुंचाने का दावा करने वाले मीरा स्मृति संस्थान की कार्यप्रणाली को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। वर्ष 1990 से कार्यरत संस्थान की डिजिटल सक्रियता कथित तौर पर फेसबुक तक ही सीमित है। बताया जा रहा है कि संस्थान अब तक अपनी आधिकारिक ईमेल आईडी तक विकसित नहीं कर पाया है।
ऐसे दौर में जब सांस्कृतिक संस्थाएं डिजिटल माध्यमों से अपनी गतिविधियों, उपलब्धियों और कलाकारों को वैश्विक पहचान दिला रही हैं, मीरा स्मृति संस्थान की सीमित डिजिटल उपस्थिति विचारणीय है।
*आय-व्यय का हिसाब और स्थानीय कलाकारों को मिले अवसरों पर सवाल*

महोत्सव की भव्यता के बीच सबसे अहम सवाल आयोजन की आर्थिक पारदर्शिता को लेकर है। संस्थान की ओर से अब तक आय-व्यय का सार्वजनिक लेखा-जोखा उपलब्ध नहीं कराए जाने का मुद्दा उठ रहा है।
सवाल यह भी है कि करीब साढ़े तीन दशक की यात्रा में संस्थान ने मेवाड़ की कितनी स्थानीय लोक विधाओं को संरक्षण दिया और कितने नवोदित कलाकारों को राष्ट्रीय अथवा अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने में ठोस भूमिका निभाई?
संस्थान की ओर से इन उपलब्धियों का विस्तृत सार्वजनिक ब्योरा सामने आना आवश्यक है।
*मेवाड़ यूनिवर्सिटी को फिर मंच, चयन प्रक्रिया पर चर्चा*

विवादों में रहने के बावजूद मेवाड़ यूनिवर्सिटी को पूर्व की भांति इस बार भी महोत्सव में प्रस्तुति का अवसर दिए जाने को लेकर चर्चाएं हैं। ऐसे में कलाकारों एवं संस्थाओं के चयन के मापदंड सार्वजनिक किए जाने की अपेक्षा भी उठ रही है।
वहीं, गत वर्ष की तरह इस वर्ष भी आयोजन को किसी पार्टी विशेष के प्रभाव तक सीमित रखने की कथित मंशा को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं। हालांकि, इस संबंध में आयोजकों का पक्ष और आयोजन में राजनीतिक हस्तक्षेप के ठोस तथ्य सामने आना जरूरी है।
मीरा की विरासत किसी दल या संस्था की नहीं, पूरे मेवाड़ की साझा सांस्कृतिक धरोहर है। ऐसे में आयोजन की सार्थकता केवल मंच की भव्यता और प्रस्तुतियों की संख्या से नहीं, बल्कि पारदर्शिता, स्थानीय प्रतिभाओं को अवसर और समाज के सभी वर्गों की सहभागिता से भी तय होगी।
अब देखना यह है कि तीन दिवसीय महोत्सव के माध्यम से मीरा स्मृति संस्थान सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के साथ अपनी कार्यप्रणाली पर उठ रहे सवालों का भी कितना संतोषजनक जवाब दे पाता है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement