AAP Makes Historic Entry in Rajasthan Civic Polls: Secures Absolute Majority by Winning 31 Seats in Baran Municipal Council-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:37 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

राजस्थान निकाय चुनाव में AAP की ऐतिहासिक दस्तक : बारां नगर परिषद में 31 सीटें जीतकर हासिल किया पूर्ण बहुमत

khaskhabar.com: सोमवार, 14 सितम्बर 2026 6:19 PM (IST)
राजस्थान निकाय चुनाव में AAP की ऐतिहासिक दस्तक : बारां नगर परिषद में 31 सीटें जीतकर हासिल किया पूर्ण बहुमत
कांग्रेस-BJP के पारंपरिक गढ़ में सीधा सियासी संदेश बारां। राजस्थान की पारंपरिक द्विध्रुवीय राजनीति में आम आदमी पार्टी (आप) ने बड़ा सियासी धमाका करते हुए ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। बारां नगर परिषद के घोषित चुनाव परिणामों में आम आदमी पार्टी ने कुल 60 में से 31 वार्डों में एकतरफा विजय हासिल कर पूर्ण बहुमत अपने नाम कर लिया है। प्रदेश की किसी नगर परिषद में 'आप' का यह पहला पूर्ण बहुमत वाला बोर्ड बनने जा रहा है, जिसने सत्तारूढ़ भाजपा (9 सीटें) और मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस (18 सीटें) दोनों को हाशिए पर धकेल दिया है। 2 वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की है। हाड़ौती अंचल के इस निकाय चुनाव के नतीजे सीधे तौर पर कांग्रेस और भाजपा के स्थापित नेतृत्व के लिए खतरे की घंटी हैं। लंबे समय से प्रदेश में तीसरे विकल्प की तलाश में जुटे मतदाताओं ने इस बार 'आप' के झाड़ू पर भरोसा जताते हुए स्पष्ट संदेश दिया है कि स्थानीय सरकार में अब पारंपरिक चेहरों के बजाय काम और विकल्प की राजनीति को तरजीह दी जाएगी।
बारां नगर परिषद: आप की लहर में दिग्गज चित
गवर्नमेंट कॉलेज में आयोजित मतगणना में पहले राउंड से ही आम आदमी पार्टी ने बढ़त बनाए रखी। 217 से अधिक प्रत्याशियों के बीच हुए इस कड़े मुकाबले में 'आप' प्रत्याशियों ने कांग्रेस और भाजपा के गढ़ों में सीधे सेंध लगाई:
वार्ड 1: चंद्रकला सुमन (आप) ने कांग्रेस की मंजू बाई को 148 मतों से हराया।
वार्ड 2: रानी मीणा (आप) ने कांग्रेस की रेखा को 471 मतों से पराजित किया।
वार्ड 3: केशव नागर (आप) ने कांग्रेस के भरत कुमार यादव को 21 मतों से मात दी।
वार्ड 5: सुनीता बाई (आप) ने भाजपा की सुनीता को 16 वोटों से हराया।
वार्ड 6: सागर सिंह (आप) ने भाजपा के द्वारकालाल प्रजापति को 21 वोटों से मात दी।
वार्ड 8: राधा सोनी (आप) ने कांग्रेस की नम्रता माथुर को 76 वोटों से हराया।
वार्ड 9: नीरज नागर (आप) ने निर्दलीय मनीष गौतम को 413 मतों से शिकस्त दी।
वार्ड 10: गिरीश कुमार मेहर (आप) ने कांग्रेस के चौथमल को 146 मतों से हराया।
वार्ड 11: रविंद्र वर्मा (आप) ने कांग्रेस के आशा राम को 123 मतों से पराजित किया।
वार्ड 13: गजेंद्र (आप) ने कांग्रेस के रिंकू को 8 मतों से हराया।
वार्ड 16: दीपक (आप) ने कांग्रेस के रामविलास को 88 मतों से हराया।
वार्ड 17: ऋषि सोन (आप) ने कांग्रेस के गजेंद्र सिंह को 98 मतों से मात दी।
वार्ड 19: कलावती (आप) ने कांग्रेस की भंवरकला को 456 मतों से शिकस्त दी।
वार्ड 23: दौलत बाई (आप) ने कांग्रेस की सीमा यादव को 27 मतों से हराया।
वार्ड 24: जयप्रकाश (आप) ने कांग्रेस के हेमराज को 318 वोटों से पराजित किया।
वार्ड 25: राजेश बाई (आप) ने कांग्रेस की ज्योति को 129 मतों से हराया।
वार्ड 26: नरेश कुमार (आप) ने कांग्रेस के राहुल को 25 मतों से हराया।
वार्ड 34: दीपक सोनी (आप) ने भाजपा के दीपक को 35 मतों से पराजित किया।
वार्ड 35: हितेश चंदेल (आप) ने भाजपा के बृजेश सुमन को 528 मतों से हराया।
वार्ड 36: संजीव कुमार सुमन (आप) ने कांग्रेस के शिवशंकर को 154 मतों से मात दी।
वार्ड 37: शीतल राठौर (आप) ने कांग्रेस के शैलेंद्र को 305 मतों से शिकस्त दी।
वार्ड 39: तेजेश (आप) ने भाजपा की श्वेता को 201 मतों से हराया।
वार्ड 41: हरिओम (आप) ने भाजपा के सोहन सिंह बैरवा को 54 वोटों से पराजित किया।
वार्ड 46: कमल राठौर (आप) ने कांग्रेस के मयंक माथोडिया को 252 मतों से हराया।
वार्ड 47: मंजू (आप) ने कांग्रेस की शीतल मारू को 86 वोटों से हराया।
वार्ड 49: नफीसा (आप) ने भाजपा के वरुण को 82 मतों से पराजित किया।
वार्ड 51: मुनाफ अंसारी (आप) ने कांग्रेस के महेश कुमार को 144 मतों से हराया।
वार्ड 54: निशा (आप) ने भाजपा के अंतिम सुमन को 118 मतों से मात दी।
वार्ड 55: लक्ष्मी सुमन (आप) ने कांग्रेस की गायत्री को 92 वोटों से हराया।
वार्ड 59: अशोक कुमार (आप) ने कांग्रेस के देवेंद्र को 105 मतों से शिकस्त दी।
वार्ड 60: लोकेश मीणा (आप) ने कांग्रेस के राजेंद्र को 272 मतों से पराजित किया।
अन्य प्रमुख परिणामों में कांग्रेस के खाते में 18 सीटें (वार्ड 4, 14, 18, 20, 21, 22, 27, 30, 40, 42, 43, 45 खुशबू किन्नर, 48, 50, 52, 53, 57, 58) और भाजपा के खाते में महज 9 सीटें (वार्ड 7, 12, 15, 28, 29, 31, 32, 33, 38) आईं। वार्ड 44 से शरीफ और वार्ड 56 से रफीकन निर्दलीय के रूप में विजयी रहे।
छबड़ा में फंसा पेंच, अटरू में कांग्रेस का कब्जा
जिले की अन्य निकायों में छबड़ा नगर पालिका के 35 वार्डों में निर्दलीय किंगमेकर बनकर उभरे हैं। यहाँ भाजपा को 14, कांग्रेस को 12, निर्दलीय प्रत्याशियों को 7 और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) को 2 सीटें मिली हैं। किसी भी दल को बहुमत न मिलने के कारण 7 निर्दलीय ही तय करेंगे कि बोर्ड किसका बनेगा। वहीं अटरू नगर पालिका के 25 वार्डों में कांग्रेस ने 14 सीटें जीतकर स्पष्ट बढ़त बना ली है, जबकि भाजपा 10 और निर्दलीय 1 सीट पर सिमट गए हैं।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement