भिवानी। हिसार के आईजी कार्यालय की एक टीम ने गुरुवार को शहर के हालु मोहल्ला, हनुमान गेट और बैंक कॉलोनी का दौरा किया। इस टीम का मकसद आईजी द्वारा जिले में नियुक्त डिटेक्टिव फुट कांस्टेबल द्वारा शहर में किए जा रहे कामों की समीक्षा करनी थी। इस काम को पूरा करने के लिए आईजी की टीम ने शहर के गणमान्य लोगों से इस बारे में विस्तार से जानकारी ली। आईजी ओपी सिंह ने मई महीने में भिवानी के उन संदिग्ध गांवों और शहर के उन क्षेत्रों को चिन्हित किया था जहां बदमाश किस्म के लोग शरण लेते हैं और इन जगहो पर नशे का अवैध कारोबार करते हैं। आईजी की जांच में यह भी सामने आया था कि इन एरिया में बदमाश किस्म के लोग अन्य लोगों पर अपना दबदबा कायम रखते हैं। इस तरह के लोगों पर काबू पाने के लिए आईजी ने भिवानी जिले में 31 जगहों पर 14 डीएफसी को नियुक्त किया था। इनका काम यह था कि वे अपनी अपनी जगहों पर जाकर अपने क्षेत्र में सौहार्दपूर्ण वातावरण तैयार करें। गांव और शहर में अमन पसन्द व अच्छे लोगों को संगठित करें। इसी प्रकार निर्वाचित प्रतिनिधियों की सूची तैयार कर उनके संपर्क में रहने का काम करें। इसी प्रकार ये डीएफसी अवैध हथियार रखने वालों की जानकारी एकत्र कर इस बारे में उच्चाधिकारियों को अवगत कराएं।