A Confluence of Education and Entertainment: PIB Jaipur Journalists Visit Kapurthala Science City, Witness the Wonders of Modern Science-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:40 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

शिक्षा और मनोरंजन का संगम : पीआईबी जयपुर के पत्रकारों ने किया कपूरथला साइंस सिटी का दौरा, आधुनिक विज्ञान के अद्भुत स्वरूप से हुए रूबरू

khaskhabar.com: रविवार, 22 फ़रवरी 2026 00:17 AM (IST)
शिक्षा और मनोरंजन का संगम : पीआईबी जयपुर के पत्रकारों ने किया कपूरथला साइंस सिटी का दौरा, आधुनिक विज्ञान के अद्भुत स्वरूप से हुए रूबरू
कपूरथला (पंजाब) पत्र सूचना कार्यालय (PIB) जयपुर द्वारा आयोजित पत्रकारों के एक प्रतिनिधिमंडल ने पंजाब के कपूरथला स्थित प्रसिद्ध पुष्पा गुजराल साइंस सिटी का भ्रमण किया। 72 एकड़ में फैली यह साइंस सिटी न केवल देश की सबसे बड़ी विज्ञान परियोजनाओं में से एक है, बल्कि यह विद्यार्थियों और आमजन में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने का एक सशक्त माध्यम भी है। 'एडुटेनमेंट' के जरिए विज्ञान को समझने का अनूठा प्रयास
साइंस सिटी के जनसंपर्क अधिकारी श्री अशनि कुमार ने प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए बताया कि इस केंद्र का मुख्य उद्देश्य 'एडुटेनमेंट' (मनोरंजन के माध्यम से शिक्षा) है। उन्होंने पत्रकारों को साइंस सिटी की विभिन्न गैलरीज और अत्याधुनिक तकनीक के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
दौरे के मुख्य आकर्षण :
स्पेस थिएटर और डिजिटल प्लेनेटेरियम: विश्व ग्लोब के आकार की भव्य इमारत में 328 सीटों वाला स्पेस थिएटर है। इसकी स्क्रीन सामान्य 35 मिमी स्क्रीन से 10 गुना बड़ी है। डिजिटल प्लेनेटेरियम में दर्शकों को तारों भरे आकाश और ग्रहों के ऋतुचक्र का सजीव अनुभव होता है।
फ्लाइट और भूकंप सिम्युलेटर: 30 सीटों वाला फ्लाइट सिम्युलेटर अंतरिक्ष यात्रा और रेसिंग ट्रैक का रोमांचक अनुभव प्रदान करता है, वहीं भूकंप सिम्युलेटर लोगों को भूकंप के झटकों की वास्तविक अनुभूति कराता है।
डायनासोर पार्क : यह देश के सबसे बड़े डायनासोर पार्कों में से एक है, जहाँ 44 विशालकाय डायनासोर के मॉडल स्थापित हैं। कुछ मॉडल तो ध्वनि और गति के साथ चलते-फिरते नजर आते हैं।
अमेजिंग लिविंग मशीन (हेल्थ गैलरी) : यहां एक 12 फीट ऊंचा हृदय का मॉडल आकर्षण का केंद्र है, जिसके माध्यम से रक्त संचार की प्रक्रिया को प्रत्यक्ष देखा जा सकता है।
रक्षा और रेल गैलरी : रक्षा गैलरी में 1971 के युद्ध में प्रयुक्त विजयंत टैंक, मिग-23 विमान और मिसाइलें प्रदर्शित हैं। रेल गैलरी में दिल्ली मेट्रो, जापान की बुलेट ट्रेन और कालका-शिमला रेलवे के मॉडल आधुनिक तकनीक को दर्शाते हैं।
क्लाइमेट चेंज थिएटर : 18 मीटर व्यास के डोम में बना यह थिएटर जलवायु परिवर्तन और ग्लोबल वार्मिंग के गंभीर प्रभावों को आधुनिक तकनीक के जरिए समझाता है।
नवाचार को बढ़ावा देने का केंद्र
दौरे के दौरान पत्रकारों ने फन साइंस गैलरी और वर्चुअल रियलिटी सेक्शन का भी अवलोकन किया। यहाँ सौर ऊर्जा से संचालित राज्य स्तरीय ऊर्जा पार्क पर्यावरण संरक्षण का संदेश देता है। प्रतिनिधिमंडल ने पाया कि यह स्थान न केवल ज्ञानवर्धक है, बल्कि नवाचार और जिज्ञासा की भावना को प्रोत्साहित करने वाला एक आधुनिक मंदिर है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement