16-year-old boy missing from Rudawal area under suspicious circumstances-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:45 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

रुदावल क्षेत्र से 16 वर्षीय किशोर संदिग्ध परिस्थितियों में लापता

khaskhabar.com: गुरुवार, 29 अक्टूबर 2026 6:01 PM (IST)
रुदावल क्षेत्र से 16 वर्षीय किशोर संदिग्ध परिस्थितियों में लापता
खास खबर। रुदावल जिले के रुदावल थाना क्षेत्र अंतर्गत कंजौली गांव की बंजारा बस्ती से एक 16 वर्षीय किशोर के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। किशोर करवा चौथ के अवसर पर मेहंदी लगाने के काम से गुरुग्राम जाने के लिए घर से निकला था, लेकिन वह अपने गंतव्य पर नहीं पहुंचा। परिजनों द्वारा सभी संभावित ठिकानों और रिश्तेदारों के यहां तलाश करने के बावजूद जब कोई सुराग नहीं लगा, तो पीड़ित पिता ने रुदावल थाने में प्रार्थना-पत्र देकर प्राथमिकी दर्ज करने और बेटे की शीघ्र बरामदगी की गुहार लगाई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कंजौली (बंजारा बस्ती) निवासी शुगड सिंह पुत्र पूरन सिंह ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि उनका 16 वर्षीय पुत्र रोहित विगत 27 अक्टूबर 2026 को सुबह करीब 11 बजे गुरुग्राम (हरियाणा) जाने की बात कहकर घर से निकला था। परिजनों ने बताया कि वह त्योहारों के दौरान मेहंदी लगाने का काम करने बाहर जाता रहा है।
शुरुआत में परिजनों को लगा कि करवा चौथ के कारण वह काम में व्यस्त होगा और संपर्क नहीं कर पा रहा है, लेकिन चार दिन बीत जाने के बाद भी जब उसका कोई संपर्क नहीं हुआ और न ही वह गुरुग्राम पहुंचा, तो अनहोनी की आशंका के चलते परिजनों की चिंता बढ़ गई। परिजनों ने अपने स्तर पर परिचितों, नाते-रिश्तेदारों और अन्य संभावित स्थानों पर रोहित की काफी खोजबीन की, किंतु उसका कोई अता-पता नहीं चल सका।
रिपोर्ट के मुताबिक, लापता रोहित का कद लगभग 5.5 फीट, रंग सांवला, शारीरिक बनावट पतली है और घर से निकलते समय उसने नीले रंग की जींस व शर्ट पहन रखी थी। पीड़ित पिता शुगड सिंह ने थानाधिकारी से मामले की गंभीरता को देखते हुए प्राथमिकी दर्ज करने और पुलिस की विशेष टीम गठित कर किशोर की शीघ्र तलाश करवाने की मांग की है। पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement