Zangi App Revealed in Tiger Shroff Shooting Case: Allows Login Without Phone Number or ID-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:34 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में 'जंगी' ऐप का खुलासा : बिना नंबर-आईडी के लॉगिन, विदेश में बैठे लॉरेंस गैंग के गैंगस्टर यहीं से दे रहे गुर्गों को डायरेक्शन

khaskhabar.com: बुधवार, 11 नवम्बर 2026 10:47 AM (IST)
टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में 'जंगी' ऐप का खुलासा : बिना नंबर-आईडी के लॉगिन, विदेश में बैठे लॉरेंस गैंग के गैंगस्टर यहीं से दे रहे गुर्गों को डायरेक्शन
सीकर। बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग की साजिश और सीकर में पकड़े गए लॉरेंस गैंग के शूटर के खुलासे ने सुरक्षा एजेंसियों के कान खड़े कर दिए हैं। जांच में सामने आया है कि विदेश में बैठे गैंगस्टर भारत में अपने गुर्गों से संपर्क साधने और वारदातों को अंजाम दिलाने के लिए प्रतिबंधित मैसेजिंग ऐप 'जंगी' (Zangi) का इस्तेमाल कर रहे हैं। बिना मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी के चलने वाले इस ऐप के जरिए लॉरेंस बिश्नोई सिंडिकेट के आका हथियारों की डिलीवरी, टारगेट की रेकी और मर्डर की सटीक लोकेशन शेयर कर रहे हैं। क्यों गैंगस्टर्स की पहली पसंद बना 'जंगी' ऐप? न नंबर, न ईमेल आईडी: इस ऐप पर अकाउंट बनाने के लिए किसी मोबाइल नंबर या ईमेल आईडी की जरूरत नहीं होती। डाउनलोड होते ही यूजर को 10 अंकों का एक यूनिक रैंडम नंबर मिल जाता है, जो उसकी पहचान बनता है। प्रोफाइल नाम में फर्जी जानकारी डालकर भी अकाउंट शुरू हो जाता है।
सिम कार्ड की अनिवार्यता नहीं: अपराधी सिम कार्ड निकालकर मोबाइल को सिर्फ वाई-फाई या हॉटस्पॉट से कनेक्ट करके इस ऐप को चलाते हैं, जिससे कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) या टावर लोकेशन ट्रेस करना नामुमकिन हो जाता है।
20 सेकंड में सर्वर से डेटा गायब: अमेरिका में मुख्यालय होने का दावा करने वाले इस ऐप में चैट डिलीट करने पर 20 सेकंड के भीतर वह मुख्य सर्वर से हमेशा के लिए हट जाती है। इस कारण सुरक्षा एजेंसियों को दो उपयोगकर्ताओं के बीच हुई बातचीत का कोई डिजिटल फुटप्रिंट नहीं मिलता।
बैन के बावजूद प्ले स्टोर पर सक्रिय: सुरक्षा कारणों से इसे भारत में 18 दिसंबर 2024 को प्रतिबंधित किया गया था, लेकिन इसके बावजूद यह प्लेटफॉर्म्स पर उपलब्ध है और दुनिया भर में इसके 5 करोड़ से अधिक यूजर्स बताए जाते हैं।
सिग्नल पर एजेंसियों की निगरानी बढ़ी, तो बदला पैंतरा
राजू ठेहट और सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में विदेश में बैठे गैंगस्टर्स ने 'सिग्नल' (Signal) ऐप का इस्तेमाल किया था। हालांकि, भारतीय सुरक्षा एजेंसियों द्वारा सिग्नल के तकनीकी इनपुट्स और रिकॉर्ड ट्रैक किए जाने के बाद गैंगस्टरों ने सुरक्षित कम्युनिकेशन के लिए 'जंगी' का रुख कर लिया। इसी कारण जमीनी स्तर पर वारदातों में शामिल लोकल शूटर तो पकड़ में आ जाते हैं, लेकिन बॉर्डर पार बैठे मास्टरमाइंड का तकनीकी सुराग नहीं मिल पाता। अब सीमा पार से हथियारों की तस्करी में भी इसी ऐप के इस्तेमाल की पुष्टि हो रही है।
दो बड़े मामलों में सामने आया 'जंगी' ऐप का कनेक्शन
केस 1: टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामला
जांच एजेंसियों के अनुसार, टाइगर श्रॉफ पर हमले की साजिश रचने वाला आरोपी कुणाल अपने एक साथी के मार्फत विदेश में बैठे लॉरेंस गैंग के अनिल पंडित के संपर्क में आया था। अनिल पंडित ने कुणाल, रेहान और ऋतिक को जंगी ऐप पर जोड़ा। इसी ऐप के जरिए शूटर्स को हथियारों की सप्लाई, लोकेशन और पूरी वारदात के रियल-टाइम निर्देश दिए गए थे।
केस 2: झारखंड में सटोरिए की हत्या की साजिश (सीकर)
सीकर पुलिस ने 16-17 अक्टूबर के दौरान नेहरू पार्क के पास से लॉरेंस गैंग के शूटर महेश नायक को दो विदेशी पिस्तौल, मैगजीन और कारतूसों के साथ गिरफ्तार किया था। पूछताछ में सामने आया कि दिल्ली के बदमाश प्रशांत ने उसकी बातचीत विदेश में बैठे रोहित मीणा से कराई थी। रोहित ने ही महेश के फोन में जंगी ऐप इंस्टॉल करवाया और झारखंड के एक बड़े सटोरिए की हत्या का टास्क दिया था। लोकेशन न मिलने पर वह सीकर लौट आया था, जहां पुलिस ने उसे धर दबोचा।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement