Advertisement
रामसिंहपुर रेलवे ट्रैक बम विस्फोट: पाकिस्तानी हैंडलर के इशारे पर रची गई थी साजिश, गुरदासपुर से दो मुख्य आरोपी गिरफ्तार

डीजीपी और एडीजी के निर्देशन में हुई कार्रवाई
3 नवंबर 2026 को हुई इस गंभीर घटना के बाद राजस्थान पुलिस महानिदेशक राजीव शर्मा ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एडीजीपी एटीएस, एजीटीएफ एवं एएनटीएफ दिनेश एम.एन. और बीकानेर रेंज के आईजी ओमप्रकाश को आवश्यक निर्देश दिए थे।
निर्देशों के बाद एटीएस आईजी राजेश सिंह और बीकानेर रेंज आईजी ओमप्रकाश ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच की निगरानी की। एटीएस और श्रीगंगानगर जिला पुलिस को सभी संभावित पहलुओं पर गहन अनुसंधान के निर्देश दिए गए। इसके बाद एडीजी दिनेश एम.एन. के निर्देशन और श्रीगंगानगर एसपी हरिशंकर के नेतृत्व में संयुक्त टीम गठित की गई।
तकनीकी जांच और सोशल मीडिया गतिविधियों से मिला सुराग
जांच के दौरान पुलिस ने विभिन्न केंद्रीय जांच एजेंसियों से संपर्क कर महत्वपूर्ण इनपुट जुटाए। प्राप्त सूचनाओं और उनके तकनीकी विश्लेषण के आधार पर गुरदासपुर निवासी महकदीप कौर और देवेंद्र सिंह की संदिग्ध भूमिका सामने आई।
इसके बाद दोनों के सोशल मीडिया अकाउंट्स और तकनीकी गतिविधियों का विस्तृत विश्लेषण किया गया। सूचना की पुष्टि के लिए मामले के अनुसंधान अधिकारी प्रशिक्षु आईपीएस नितिन चौधरी और एटीएस यूनिट बीकानेर के प्रभारी सुरेंद्र कुमार के नेतृत्व में संयुक्त टीम पंजाब भेजी गई।
टीम ने काउंटर इंटेलिजेंस पंजाब और गुरदासपुर के एसएसपी आदित्य के साथ सूचनाएं साझा कीं। इसके बाद शनिवार, 14 नवंबर को संयुक्त कार्रवाई करते हुए दोनों संदिग्धों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
पहले भी दो बार बनाई थी रेलवे ट्रैक पर विस्फोट की योजना
पुलिस के प्रारंभिक अनुसंधान में इस साजिश के कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। जांच के अनुसार, महकदीप कौर का पति करणवीर सिंह मादक पदार्थ तस्करी के मामले में पंजाब में गिरफ्तार हुआ था। इसके बाद महकदीप के कथित तौर पर पाकिस्तान स्थित हैंडलरों के संपर्क में आने की जानकारी मिली।
जांच एजेंसियों के मुताबिक, पाकिस्तान में बैठे 'शाह' नामक हैंडलर और 'चाचा' के नाम से पहचाने जाने वाले व्यक्ति के निर्देश पर रेलवे ट्रैक को निशाना बनाने की साजिश रची गई थी।
अनुसंधान में सामने आया कि आरोपियों ने सबसे पहले 6 अक्टूबर 2026 को रामसिंहपुर क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर विस्फोट करने की योजना बनाई थी, लेकिन बम उपलब्ध नहीं होने के कारण योजना सफल नहीं हो सकी।
इसके बाद 12-13 अक्टूबर को कथित तौर पर पाकिस्तानी हैंडलर शाह की ओर से उपलब्ध करवाया गया टाइमर बम रेलवे ट्रैक पर लगाया गया, लेकिन तकनीकी खामियों के कारण विस्फोट नहीं हो पाया। अंततः 3 नवंबर 2026 को रात करीब 9:45 बजे टाइमर बम से रेलवे ट्रैक पर विस्फोट किया गया।
महिला होने का फायदा उठाकर संदेह से बचने की साजिश
पुलिस के प्रारंभिक अनुसंधान के अनुसार, आरोपियों ने महिला होने के कारण संदेह से बचने की मंशा से रामसिंहपुर क्षेत्र को वारदात के लिए चुना था। जांच में ऑनलाइन माध्यम से भुगतान मिलने, सोशल मीडिया पर सक्रिय गैंगस्टरों की प्रोफाइल फॉलो करने और उनसे प्रभावित होने के तथ्य भी सामने आए हैं।
पुलिस का कहना है कि अकेली महिलाओं को रोमांटिक रुचि दिखाकर और पैसों का लालच देकर अपने जाल में फंसाने का तरीका भी जांच में सामने आया है। इससे पहले राजस्थान एटीएस ने गंगापुर सिटी से बबीता नामक महिला को गिरफ्तार किया था। पुलिस के अनुसार, उसे भी पाकिस्तानी एजेंटों ने प्रेम के जाल में फंसाया था।
दो विदेशी पिस्टल और 46 जिंदा कारतूस जब्त
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से दो विदेशी पिस्टल और 46 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा विस्फोट की वारदात के लिए प्राप्त 30 हजार रुपये भी जब्त किए गए हैं।
रामसिंहपुर पुलिस थाने में दर्ज प्रकरण संख्या 209/2026 के तहत दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा आरोपियों को आर्थिक सहायता और विस्फोटक सामग्री उपलब्ध करवाने में किन लोगों की भूमिका रही है।
पंजाब पुलिस के सहयोग से मिली सफलता
इस संयुक्त कार्रवाई में एडीजीपी दिनेश एम.एन., प्रशिक्षु आईपीएस एवं एएसपी नितिन चौधरी, एटीएस के एएसपी मनीष शर्मा तथा एएसपी सुरेंद्र सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। आरोपियों की गिरफ्तारी में गुरदासपुर के एसएसपी आदित्य और उनकी टीम का भी महत्वपूर्ण सहयोग रहा।
राजस्थान पुलिस ने आमजन से की सतर्क रहने की अपील
इस घटना के बाद राजस्थान पुलिस ने आमजन से पाकिस्तान स्थित हैंडलरों और आपराधिक गैंगस्टरों के सोशल मीडिया अकाउंट्स तथा उनके संपर्कों से दूर रहने की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि सोशल मीडिया या मोबाइल नंबरों के माध्यम से किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल संबंधित पुलिस एजेंसी को सूचित करें।
राजस्थान एटीएस ने नागरिकों से भावनात्मक संदेशों, भ्रामक प्रचार और उकसावे वाली सामग्री से प्रभावित होकर किसी भी संदिग्ध या राष्ट्रविरोधी गतिविधि में शामिल नहीं होने की अपील की है।
संदिग्ध गतिविधियों, गैंगस्टरों या राष्ट्रविरोधी गतिविधियों से संबंधित जानकारी राजस्थान एटीएस के नियंत्रण कक्ष नंबर 0141-2601583 और व्हाट्सएप नंबर 9001999070 पर दी जा सकती है। पुलिस ने सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान और गोपनीयता सुरक्षित रखने का भरोसा दिलाया है।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे
Advertisement
यह भी प�?े
जयपुर
Advertisement
राजस्थान से
सर्वाधिक पढ़ी गई
Advertisement
Traffic
Features


