Deeg Police Busts Inter-State Cyber ​​Fraud Gang; 15 Accused Arrested-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:48 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

डीग पुलिस ने अंतरराज्यीय साइबर ठगी गैंग का किया पर्दाफाश, 15 आरोपी गिरफ्तार

khaskhabar.com: मंगलवार, 22 सितम्बर 2026 8:36 PM (IST)
डीग पुलिस ने अंतरराज्यीय साइबर ठगी गैंग का किया पर्दाफाश, 15 आरोपी गिरफ्तार
डीग। महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा के निर्देश पर प्रदेशभर में साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत डीग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक डीग शरण गोपीनाथ के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन काउंटडाउन’ के तहत कैथवाड़ा थाना पुलिस और जिला डीएसटी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए फर्जी बैंक खाते और फर्जी सिम कार्ड उपलब्ध कराने वाली अंतरराज्यीय गैंग का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गैंग के सरगना सहित 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 24 मोबाइल फोन, 27 सिम कार्ड, 54 अन्य सिम कार्ड, 37 खाली सिम कार्ड रेपर, एक लैपटॉप, 10 एटीएम कार्ड, छह बैंक पासबुक, दो चेकबुक, एक फर्जी आधार कार्ड और 85,600 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। साइबर ठगी के पैसों से खरीदी लग्जरी गाड़ियां जब्त
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से साइबर ठगी की राशि से खरीदी गई एक स्कॉर्पियो, एक थार, एक क्रेटा और एक बुलेट मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
जांच में आरोपियों के पास 200 से अधिक म्यूल बैंक अकाउंट का रिकॉर्ड भी मिला है। पुलिस के अनुसार इन खातों का इस्तेमाल कमीशन के आधार पर साइबर ठगी की रकम प्राप्त करने के लिए किया जाता था।
287 शिकायतों में करीब 28 करोड़ की साइबर ठगी
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों के खिलाफ नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर 287 फ्रॉड संबंधी शिकायतें दर्ज हैं। इन शिकायतों में करीब 28 करोड़ रुपये की साइबर ठगी होना सामने आया है।
पुलिस के अनुसार, गैंग अब तक राजस्थान और हरियाणा के साइबर ठगों को करीब 500 बैंक खाते और 1,500 फर्जी सिम कार्ड उपलब्ध करा चुकी है।
बैंककर्मी और सिम पीओएस संचालक भी गिरफ्तार
जांच के दौरान पुलिस ने एक बैंककर्मी राजकुमार को भी गिरफ्तार किया है। इसके अलावा फर्जी सिम उपलब्ध कराने वाले सिम पीओएस संचालक अंकुश सक्सेना को भी पकड़ा गया है।
पुलिस अब गैंग से जुड़े अन्य लोगों, बैंक खातों, सिम कार्ड की सप्लाई और साइबर ठगी की रकम के लेनदेन की कड़ियों की जांच कर रही है।
ये आरोपी किए गए गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में मोहित, इरसाद, शिवम नामदेव, अंकित पाल, रफीक, नरेन्द्र कुमार उर्फ बागड़ी, आशीष, सारूख, हर्ष शर्मा, अंकुश सक्सेना, साकिफ, राजकुमार, परवेज खान, हजरत बिलाल और मुस्तुफा खान शामिल हैं।
इनमें विभिन्न राज्यों के आरोपी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार आरोपियों के बीच फर्जी बैंक खाते और सिम उपलब्ध कराने से लेकर साइबर ठगी की रकम के लेनदेन तक अलग-अलग भूमिकाएं थीं।
नेटवर्क की आगे भी जांच जारी
डीग पुलिस के अनुसार कार्रवाई का उद्देश्य साइबर ठगी के लिए इस्तेमाल होने वाले म्यूल अकाउंट, फर्जी सिम और बैंकिंग नेटवर्क की पूरी श्रृंखला का पता लगाना है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य साइबर अपराधियों और उनके सहयोगियों की पहचान करने में जुटी है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement