Voting Underway in 231 Gram Panchayats of Churu; Notable Enthusiasm Among Women and Youth-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:38 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

चूरू की 231 ग्राम पंचायतों में मतदान जारी, महिलाओं और युवाओं में दिखा खास उत्साह

khaskhabar.com: सोमवार, 16 नवम्बर 2026 5:26 PM (IST)
चूरू की 231 ग्राम पंचायतों में मतदान जारी, महिलाओं और युवाओं में दिखा खास उत्साह
चूरू। पंचायती राज आम चुनाव-2026 के चतुर्थ चरण के अंतर्गत सोमवार को जिले की छह पंचायत समितियों — सुजानगढ़, तारानगर पूर्व, तारानगर पश्चिम (भालेरी), रतनगढ़, चूरू एवं चूरू उत्तर — की 231 ग्राम पंचायतों में सरपंच एवं वार्ड पंच पदों के लिए मतदान शांतिपूर्ण माहौल में जारी है। प्रातः 7 बजे मतदान प्रक्रिया प्रारंभ होने के साथ ही मतदाताओं का मतदान केंद्रों पर पहुंचना शुरू हो गया और रामसरा, खासोली, ऊंटवालिया, सेहला, बूंटिया, ढाढर सहित जिलेभर के मतदान केंद्रों पर कतारें लग गईं। महिलाओं एवं युवाओं में मतदान को लेकर विशेष उत्साह गांव रामसरा में महिला मतदाताओं ने परिचय पत्र दिखाकर व्यवस्थित ढंग से मतदान किया। छोटे बच्चों को साथ लेकर आई माताएं भी अपनी लोकतांत्रिक जिम्मेदारी निभाने से नहीं चूकीं। गांव खासोली में पहली बार मतदान करने वाली युवा मतदाता दिव्या चौधरी ने उत्साहपूर्वक अपने मताधिकार का प्रयोग किया। गांव सेहला के सेठ प्रेमसुखदास राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पर भी मतदाताओं की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।
बुजुर्ग एवं दिव्यांग मतदाताओं ने दी प्रेरणादायक मिसाल
गांव बूंटिया के दिव्यांग मतदाता नंद लाल व्हीलचेयर पर स्वयंसेवकों की सहायता से मतदान केंद्र पहुंचे और अपने मताधिकार का प्रयोग किया। गांव ढाढर में स्काउट विद्यार्थी एक बुजुर्ग महिला मतदाता को व्हीलचेयर पर मतदान केंद्र तक लेकर पहुंचे। इन मतदाताओं का उत्साह एवं संकल्प समस्त मतदाताओं के लिए प्रेरणास्रोत बना।
संवेदनशील बूथों पर पुलिस की कड़ी निगरानी
गांव बूंटिया सहित जिले के संवेदनशील मतदान केंद्रों पर पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती की गई है। पुलिसकर्मी सतर्कता के साथ ड्यूटी निभाते हुए शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित कर रहे हैं।
स्वतंत्र एवं निष्पक्ष मतदान के लिए पुख्ता व्यवस्थाएं
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा के निर्देशन में जिला प्रशासन द्वारा स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए समुचित व्यवस्थाएं की गई हैं। मतदान केंद्रों पर आधारभूत सुविधाओं एवं सुरक्षा का पर्याप्त प्रबंध किया गया है तथा निर्वाचन प्रक्रिया की सतत निगरानी की जा रही है। प्रशासन द्वारा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि प्रत्येक मतदाता निर्भीक एवं सहज वातावरण में अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement