Draft Electoral Roll Published in Churu; 16.68 Lakh Voters in the District; Claims and Objections Can Be Filed Until December 11-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:32 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

चूरू में मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशित, जिले में 16.68 लाख मतदाता; 11 दिसंबर तक दर्ज करा सकेंगे दावे-आपत्तियां

khaskhabar.com: गुरुवार, 12 नवम्बर 2026 5:16 PM (IST)
चूरू में मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशित, जिले में 16.68 लाख मतदाता; 11 दिसंबर तक दर्ज करा सकेंगे दावे-आपत्तियां
चूरू। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा अर्हता दिनांक 1 जनवरी 2027 के संदर्भ में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम-2027 के अंतर्गत जिले की समस्त छह विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की फोटोयुक्त मतदाता सूचियों का प्रारूप प्रकाशन आज 12 नवंबर 2026 को किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट (आपणी योजना) के मीटिंग हॉल में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के साथ बैठक आयोजित कर इसकी जानकारी दी गई। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा ने बताया कि आज प्रकाशित प्रारूप मतदाता सूची में जिले की छह विधानसभा क्षेत्रों — सादुलपुर, तारानगर, सरदारशहर, चूरू, रतनगढ़ एवं सुजानगढ़ — में कुल 16,68,024 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें 8,75,301 पुरुष, 7,92,712 महिला एवं 11 तृतीय लिंग के मतदाता हैं। विधानसभा क्षेत्रवार सादुलपुर में 2,52,459, तारानगर में 2,67,506, सरदारशहर में 3,09,566, चूरू में 2,59,095, रतनगढ़ में 2,81,949 तथा सुजानगढ़ में 2,97,449 मतदाता पंजीकृत हैं। पिछली अंतिम मतदाता सूची (21 फरवरी 2026) के पश्चात निरंतर अद्यतन की प्रक्रिया में कुल 46,140 मतदाताओं के नाम जोड़े गए तथा 4,873 मतदाताओं के नाम विलोपित किए गए, जिससे कुल 41,267 मतदाताओं की वृद्धि हुई है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रारूप मतदाता सूचियों पर दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक रहेगी। दावों एवं आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा तथा अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को होगा। मतदाता सूची में नाम जुड़वाने हेतु प्रपत्र-6, प्रवासी भारतीयों हेतु प्रपत्र-6A, नाम हटवाने अथवा आपत्ति दर्ज करवाने हेतु प्रपत्र-7 तथा नाम, पता एवं अन्य विवरण में संशोधन, EPIC प्रतिस्थापन अथवा दिव्यांग चिह्नित करवाने हेतु प्रपत्र-8 में आवेदन किया जा सकता है। 1 जनवरी, 1 अप्रैल, 1 जुलाई एवं 1 अक्टूबर 2027 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले पात्र युवा भी मतदाता सूची में नाम जुड़वाने हेतु अग्रिम आवेदन कर सकते हैं। आधार संख्या उपलब्ध करवाना स्वैच्छिक है — इसे न देने पर कोई आवेदन अस्वीकार नहीं किया जाएगा। आवेदन वोटर सर्विस पोर्टल अथवा “ECINet App” के माध्यम से ऑनलाइन अथवा संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालय या BLO के माध्यम से जमा किए जा सकते हैं।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला कलक्टर अर्पिता सोनी ने बैठक में उपस्थित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को बताया कि जिले में कुल 1860 मतदान केंद्र हैं। भारतीय जनता पार्टी द्वारा 1565, इंडियन नेशनल कांग्रेस द्वारा 1560 एवं बहुजन समाजवादी पार्टी द्वारा 29 मतदान केंद्रों पर बूथ स्तरीय अभिकर्ता (BLA) नियुक्त हैं। सभी दलों से आग्रह किया गया कि समस्त मतदान केंद्रों पर बीएलए नियुक्त कर मतदाता सूची को त्रुटिरहित, शुद्ध एवं अद्यतन बनाने में सहयोग करें।
दावे और आपत्तियों को दर्ज करने की अवधि के दौरान बीएलए मतदाताओं से भरे हुए फार्म एकत्र कर प्रतिदिन बीएलओ को 10 फार्म (फॉर्म 6/7/8) तक जमा करवा सकते है। दावे और आपत्तियों को दर्ज करने की पूरी अवधि के दौरान बीएलए मतदाताओं से भरे हुए फार्म एकत्र कर 30 आवेदन पत्र बीएलओ को जमा करवा सकता है। यदि बीएलए 30 से अधिक आवेदन पत्र / फार्म जमा करवाता है तो उसका क्रॉस सत्यापन किया जायेगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी अभिषेक सुराणा ने जिले के समस्त नागरिकों, विशेषकर युवाओं एवं प्रथम बार मतदाता बनने वाले पात्र नागरिकों से अपील की कि वे प्रारूप मतदाता सूची में अपना एवं अपने परिवार के सदस्यों का नाम अवश्य जांच लें। किसी पात्र व्यक्ति का नाम सूची में सम्मिलित नहीं होने अथवा विवरण में त्रुटि होने पर निर्धारित अवधि में संबंधित प्रपत्र प्रस्तुत कर आवश्यक संशोधन करवाएं, ताकि लोकतांत्रिक प्रक्रिया में प्रत्येक पात्र नागरिक की भागीदारी सुनिश्चित हो सके।
बैठक में भारतीय जनता पार्टी से बजरंगलाल बेनीवाल, इंडियन नेशनल कांग्रेस से असलम खोखर, बहुजन समाज पार्टी से डॉ राहुल कस्वां सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि एवं निर्वाचन से जुड़े अधिकारी—कार्मिक उपस्थित रहे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement