अलवर। बिजली चोरी पकड़ने गई विद्युत निगम की विजिलेंस टीम पर शहर के ट्रांसपोर्ट नगर स्थित बापू नगर में बिजली चोरों की ओर से हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में निगम के एक जेईएन और एक तकनीकी कर्मचारी को चोटें आई है। इस सम्बन्ध में निगम के सहायक अभियंता विमल कुमार गुप्ता ने एनईबी थाने में मामला दर्ज कराया है। गुप्ता के अनुसार निगम की विजिलेंस टीम बापू नगर में बिजली चोरी पकड़ने गई थी। इसी दौरान टीम को कई घरों में बिजली चोरी मिली। कार्रवाई कर जब टीम लौटने लगी तो बापू नगर निवासी जामा खां, उसके पुत्र ताहिर, पत्नी रेशी और घर में मौजूद दो महिलाओं सहित पड़ोसी रईस और साहिल खां ने विजिलेंस दल की जीप को रोक पत्थर, लाठी से हमला बोल दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।