The murder of Mayank Gopaliya in Jaipur is another proof of the deteriorating law and order situation in the state: Tikaram Julie-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:39 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

जयपुर में मयंक गोपालिया की हत्या प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था का एक और प्रमाण: टीकाराम जूली

khaskhabar.com: गुरुवार, 19 नवम्बर 2026 6:49 PM (IST)
जयपुर में मयंक गोपालिया की हत्या प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था का एक और प्रमाण: टीकाराम जूली
खास खबर। अलवर राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मंत्री टीकाराम जूली गुरुवार को अलवर जिले के राजगढ़ में स्वर्गीय मयंक गोपालिया के निवास स्थान पहुंचे और उनके परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने मयंक की नृशंस हत्या पर दुःख जताते हुए शोक संतप्त परिवार को इस कठिन समय में ढांढस बंधाया।
जूली ने जारी बयान में कहा कि जयपुर जैसे प्रदेश की राजधानी और शांत शहर में सरेआम इस तरह की वारदात होना बेहद चिंताजनक है। एक युवा उद्यमी की निर्मम हत्या ने न केवल उसके परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है, बल्कि आम नागरिकों के मन में भी सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जब राजधानी में ही अपराधी बेखौफ होकर ऐसी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं, तो प्रदेश के दूसरे हिस्सों में आमजन की सुरक्षा की स्थिति का सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है।
जयपुर में हुई इस नृशंस हत्या के बावजूद भाजपा के नेताओं की चुप्पी पर उन्हें आड़े हाथों लेते हुए जूली ने कहा कि जयपुर में हत्याकांड हो गया लेकिन जयपुर के भाजपा नेताओं ने लचर कानून व्यवस्था को लेकर चुप्पी साधे हुई है। जूली ने कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ के पास उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था के लिए वहां योगी सरकार की तारीफ करने का समय है लेकिन राजस्थान की बिगड़ी हुई दशा पर बोलने के लिए दो शब्द नहीं है।
जूली ने कहा कि प्रदेश में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। हत्या, लूट, चोरी और अवैध वसूली जैसी घटनाएं आमजन के मन में भय पैदा कर रही हैं। ऐसा प्रतीत होता है कि अपराधियों के मन से पुलिस और कानून का डर खत्म होता जा रहा है। भाजपा सरकार केवल दावों और बयानों तक सीमित है, जबकि धरातल पर कानून-व्यवस्था की स्थिति लगातार चिंताजनक होती जा रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए अपराधों पर अंकुश लगाने और आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिलाने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए। प्रदेश की जनता को केवल कानून-व्यवस्था बेहतर होने के दावे नहीं, बल्कि सुरक्षित माहौल चाहिए।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement