Advertisement
यूपी की ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी, 13.58 करोड़ हुए कुल मतदाता

निर्वाचन विभाग ने इस अंतर को कम करने के लिए स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में विशेष अभियान चलाने की तैयारी की है, ताकि पात्र युवाओं को मतदाता सूची में शामिल कराया जा सके। आलेख्य मतदाता सूची के प्रकाशन के साथ ही नाम जोड़ने, हटाने और विवरण में संशोधन की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। नागरिक 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक अपने दावे और आपत्तियां दर्ज करा सकेंगे। इस दौरान नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6, मतदाता सूची से नाम हटवाने या किसी प्रविष्टि पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए फॉर्म-7 और नाम, पता अथवा अन्य विवरण में संशोधन के लिए फॉर्म-8 भरना होगा।
निर्वाचन विभाग के कार्यक्रम के अनुसार, 28 दिसंबर तक प्राप्त दावों और आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा। इसके बाद चार जनवरी 2027 को प्रदेश की अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। मतदाता सूची को अधिक समावेशी बनाने और पात्र नागरिकों को इसमें शामिल करने के लिए 21, 22, 28 और 29 नवंबर को प्रदेश के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाएंगे। इन दिनों बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अपने-अपने बूथ पर आलेख्य मतदाता सूची और आवेदन फॉर्म के साथ मौजूद रहेंगे। नागरिक इनसे संपर्क कर सूची में अपना नाम और विवरण जांचने के साथ आवश्यक आवेदन भी कर सकेंगे।
मतदाता अपने नाम और अन्य विवरणों की जांच संबंधित मतदान केंद्र, बीएलओ के पास उपलब्ध सूची, ईसीआईनेट मोबाइल ऐप और मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से कर सकते हैं। इसके अलावा भारत निर्वाचन आयोग के नागरिक सेवा पोर्टल की आधिकारिक वेबसाइट पर भी मतदाता सूची उपलब्ध रहेगी। यदि किसी पात्र नागरिक का नाम सूची में नहीं है तो वह फॉर्म-6 के माध्यम से नाम शामिल कराने के लिए आवेदन कर सकता है। इसके साथ निर्धारित फोटो और जन्मतिथि तथा सामान्य निवास से संबंधित मान्य दस्तावेज देने होंगे।
वहीं, निवास स्थान बदलने, नाम-पते में सुधार, मतदाता पहचान पत्र से जुड़ी प्रविष्टियों में संशोधन अथवा दिव्यांग मतदाता के रूप में चिन्हांकन के लिए फॉर्म-8 का इस्तेमाल किया जा सकता है। निर्वाचन विभाग ने मतदाता सूची में छूटे पात्र नागरिकों को शामिल कराने के लिए विशेष संपर्क अभियान चलाने की योजना बनाई है। इसके तहत स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में मतदाता साक्षरता क्लब के माध्यम से युवाओं को जागरूक किया जाएगा।
वहीं, महिलाओं और अन्य पात्र नागरिकों तक पहुंचने के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा, एएनएम, महिला स्वयं सहायता समूहों और सरकारी सस्ते गल्ले की दुकानों का सहयोग लिया जाएगा। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे ड्राफ्ट मतदाता सूची में अपना नाम और अन्य विवरण अवश्य जांच लें। यदि कोई त्रुटि है या नाम सूची में शामिल नहीं है तो निर्धारित समय सीमा के भीतर संबंधित आवेदन जमा कराएं, ताकि अंतिम मतदाता सूची में सभी पात्र नागरिकों के नाम शामिल किए जा सकें।
--आईएएनएस
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे
Advertisement
लखनऊ
Advertisement
उत्तर प्रदेश से
सर्वाधिक पढ़ी गई
Advertisement
Traffic
Features


