khaskhabar.com: सोमवार, 29 अगस्त 2016 7:50 PM (IST)
जयपुर। प्रदेश में शिशु मृत्यु दर को कम करने एवं शिशु आहार स्तर को सुदृढ़ कर कुपोषण को दूर करने के उद्देश्य से मां यानी मदर्स एब्सल्यूएट एफेक्शन कार्यक्रम सोमवार से प्रदेश के सभी जिलों में प्रारंभ कर दिया गया है। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री राजेन्द्र राठौड़ ने प्रदेशस्तर पर 22 अगस्त को शुभारम्भ किया एवं 29 अगस्त से सभी जिलों में संबंधितत जनप्रतिनिधियों ने इस कार्यक्रम की शुरूआत की। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री राजेन्द्र राठौड़ ने बताया कि इस कार्यक्रम में स्तनपान व शिशु आहार के संरक्षण के लिए सामुदायिक स्तर एवं चिकित्सा केन्द्र स्तर पर व्यापक वातावरण विकसित किया जायेगा। स्तनपान के महत्व को बढ़ाने के लिए आशा सहयोगिनियों एवं अन्य स्वास्थ्यकार्मिकों के सहयोग से गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं उनके परिजनों सहित जनसमुदाय को स्तनपान के महत्व के बारे में जानकारी दी जायेगी। उन्होंने कहा कि नवजात को 6 माह तक केवल स्तनपान एवं 5 वर्ष तक मां के दूध के साथ-साथ पोषक आहार पर ध्यान देकर शिशु मृत्यु में 19 प्रतिशत तक कमी लायी जा सकती है। राठौड़ ने बताया कि जन्मते ही नवजात शिशु के लिए मां का दूध सर्वाधिक महत्वपूर्ण घटक है। उन्होंने बताया कि दस्त व निमोनिया 5 वर्ष से छोटे बच्चों की मृत्यु का मुख्य कारण है। मां के दूध पिलाने से शिशुओं में दस्त रोग से मृत्यु होने की संभावना11 प्रतिशत व निमोनिया से 15 प्रतिशत तक कम हो जाती है। उन्होंने बताया कि दिशा-निर्देशों के अनुसार इस वार्षिक कार्यक्रम का प्रदेश में सफल क्रियान्वयन किया जायेगा।