उदयपुर। आध्यात्मिक चिन्तक, तंत्र मर्मज्ञ और सिद्ध महात्मा स्वामी रामानंद ब्रह्मचारी के महाप्रयाण पर गायत्री मण्डल ने दुख व्यक्त किया है। गायत्री मंडल की ओर से कहा गया कि उनके निर्वाण से देश ने एक मौन सिद्ध तंत्र मर्मज्ञ को खो दिया है। जिसकी पूर्ति संभव नहीं है। उल्लेखनीय है कि तंत्रसिद्ध स्वामी रामानंद ब्रह्मचारी ने रविवार तड़के डूंगरपुर में घाटी स्थित महाकाल मन्दिर धाम स्थित अपने आश्रम में देह त्याग दी। वे 103 वर्ष के थे। मण्डल के अध्यक्ष पंडित विद्यासागर शुक्ल और महासचिव पंडित राजेश त्रिवेदी सहित कार्यकारिणी के सदस्यों, संरक्षकों और सलाहकारों ने महात्मा ब्रह्मचारी के ब्रह्मलीन होने पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि रामानंद ब्रह्मचारी पीताम्बरा उपासना सहित दस महाविद्याओं की दक्षिण एवं वाममार्गीय साधनाओं में सिद्ध थे और कई गोपनीय रहस्यमयी तंत्र विद्याओं के ज्ञाता थे। उदयपुर के जनसंपर्क विभाग के उपनिदेशक डॉ. दीपक आचार्य ने स्वामी रामानंद ब्रह्मचारी के महाप्रयाण को विशिष्ट तंत्राचार्य की अपूरणीय क्षति बताया और कहा है कि स्वामीजी गोपनीय तंत्र विधाओं में सिद्ध थे और उन्होंने चुनिंदा साधकों को तंत्र रहस्यों के बारे में दीक्षित किया था।